ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरभारत बंद के दौरान कोल्हान की सड़कों पर उत्पात, ट्रक को फूंका,लाठीचार्ज

भारत बंद के दौरान कोल्हान की सड़कों पर उत्पात, ट्रक को फूंका,लाठीचार्ज

एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में सोमवार को कोल्हान में बंद समर्थकों ने जगह-जगह तोड़फोड़ की। पूर्वी सिंहभूम के पलाशबनी में एनएच-33 पर ट्रक में आग लगा दी। इससे दो किमी तक जाम लग गया। टाटानगर स्टेशन...

भारत बंद के दौरान कोल्हान की सड़कों पर उत्पात, ट्रक को फूंका,लाठीचार्ज
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरMon, 02 Apr 2018 06:50 PM
ऐप पर पढ़ें

एससी-एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में सोमवार को कोल्हान में बंद समर्थकों ने जगह-जगह तोड़फोड़ की। पूर्वी सिंहभूम के पलाशबनी में एनएच-33 पर ट्रक में आग लगा दी। इससे दो किमी तक जाम लग गया। टाटानगर स्टेशन पर धनबाद जाने वाली ट्रेनों को रोकने का प्रयास किया। 
जमशेदपुर शहर में कई जगहों पर टायर जलाकर यातायात को रोकने की कोशिश की। वहीं, चाईबासा में मिलाजुला असर रहा। हालांकि तीनों ही जिलों में लंबी दूरी की बसें नहीं चलीं। चक्रधरपुर समेत अन्य जगहों का भी यही हाल रहा। धतकीडीह में उपद्रवियों पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़। पूर्वी सिंहभूम 892 और सरायकेला-खरसावां जिले में दो सौ बंद समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए तीनों जिलों में पुलिस तैनात थी।

पूर्वी सिंहभूम जिला : बंद समर्थकों ने सुबह करीब आठ बजे पलाशबनी स्थित एनएच-33 पर एक ट्रक में आग लगा दी। सड़कों पर जगह-जगह पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। आजसू समर्थकों ने मुसाबनी-बागजाता मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जिस कारण बागजाता से यूरेनियम अयस्क ढुलाई ठप हो गई, इससे दो किमी तक जाम लग गया। धतकीडीह हरिजन बस्ती में जाम लगानेवालों पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सिटी एसपी प्रभात कुमार ने बंद का समर्थन कर रहे झामुमो नेताओं को गिरफ्तार किया। शहरी इलाकों में बंद का ज्याद असर नहीं हुआ। पर ग्रामीण इलाकों में बसें नहीं चलने से यात्रियों को परेशानी हुई। इधर, जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड में लंबी दूरी की बसें खड़ी रहीं, पर यात्री नहीं मिले। डुमरिया, मुसाबनी और जादूगोड़ा में बंद का असर रहा। 

पश्चिमी सिंहभूम : चाईबासा और चक्रधरपुर में सड़क पर उतरे बंद समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए दुकानों को बंद कराया। सड़क पर टायर जलाया। चक्रधरपुर के बाटा रोड में बंद समर्थकों और दुकानदारों में झड़प हुई। लंबी दूरी की यात्री बसें नहीं चलीं। दुकानें आम दिनों की तरह खुली रहीं। कोई भी बंद समर्थक गिरफ्तार नहीं हुआ। आम दिनों की तरह पूरे इलाके में दुकान-बाजार खुले रहे। सिर्फ खूंटी से सटे बंदगांव में बंद का असर रहा। रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-75 सहित ग्रामीण इलाकों में जानेवाली अधिकांश बसें नहीं चलीं। मनोहरपुर में भी यातायात प्रभावित रही। नोवामुंडी में भी बंद समर्थकों ने दोपहर 12 बजे दुकानें बंद करा दी। जबकि जगन्नाथपुर में सुबह से ही दुकानें बंद रहीं। 

सरायकेला-खरसावां जिला : सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर और चांडिल में भी बंद समर्थकों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। आदित्यपुर में दो सौ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। सुबह से कई जगहों पर दुकानें बंद रहीं। कई जगह पर बंद समर्थकों और पुलिस में झड़प हुई और एनएच-33 पर जाम लगाने का प्रयास किया।


 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें