Jamshedpur News: सूर्यधाम में 2 से 4 सितंबर तक मनेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
Jamshedpur News: जमशेदपुर में 2 से 4 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य अतिथि होंगे। महोत्सव में विशेष पूजा, हवन और प्रतियोगिताएँ शामिल हैं। प्रतियोगिताओं का फॉर्म 29 अगस्त से मंदिर परिसर में उपलब्ध है, और आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर है।

Jamshedpur News: जमशेदपुर। सिदगोड़ा स्थित सूर्यधाम में 2 से 4 सितंबर तक तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
महत्वपूर्ण जानकारी
सूर्य मंदिर समिति की ओर से सोमवार को भालूबासा के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी गई। महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री व मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास मुख्य अतिथि होंगे। विधायक पूर्णिमा साहू और संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह भी मौजूद रहेंगे। समिति अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन मंदिर परिसर में विशेष पूजा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। मंदिर को फूलों व रंगीन रोशनी से सजाया जाएगा और मध्यरात्रि में भजन-कीर्तन के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
प्रतियोगिताओं का आयोजन
महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि 2 सितंबर को बिरसा मुंडा टाउन हॉल में बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और 3 सितंबर को सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के ऑडिशन होंगे। दोनों प्रतियोगिताओं का फाइनल 4 सितंबर को सूर्य मंदिर परिसर में होगा। बाल राधा-कृष्ण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय को क्रमशः 7, 5 और 3 हजार रुपये, जबकि नृत्य प्रतियोगिता में 20, 15 और 10 हजार रुपये पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रमोद मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए फॉर्म 29 अगस्त से मंदिर परिसर में मिल रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर है। समिति ने शहरवासियों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की है。


