जमशेदपुर (वसं.)। गुरु गोबिंद सिंह जी के 355वें प्रकाश पर्व पर झारखंड में पहली बार सरकारी अवकाश घोषित नहीं किया गया। इस मामले को मंगलवार सुबह ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव सतनाम सिंह गंभीर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ट्विट कर दिया।
मुख्यमंत्री को बताया गया कि पौष अमावस्या के सातवें दिन गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व है। सरकार और मुख्यमंत्री की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। लेकिन गुरुद्वारा कमेटियों ने इस कोशिश की सराहना की। गंभीर ने साकची गुरुद्वारा के प्रधान हरविंदर सिंह मंटू, माधव सिंह मेमोरियल स्कूल के सचिव अवतार सिंह सोय, मानगो गुरुद्वारा के प्रधान भगवान सिंह, टेल्को गुरुद्वारा के प्रधान गुरमीत सिंह तोते, बर्मामाइंस गुरुद्वारा के प्रधान गुरदयाल सिंह, टुइलाडुंगरी गुरुद्वारा के ट्रस्टी रंजीत सिंह, टिनप्लेट गुरुद्वारा के प्रधान तरसेम सिंह, जुगसलाई गुरुद्वारा कमेटी के कमलजीत सिंह भाटिया से संपर्क कर संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग कर बुधवार को विशेष अवकाश घोषित करने का आग्रह किया, जिसे स्वीकार कर लिया।