सुंदरनगर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर घायल
सुंदरनगर क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास सोमवार दोपहर बाइकों की टक्कर हुई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद MGM अस्पताल रेफर किया गया। एक घायल निखिल दास की सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे फाटक के पास सोमवार दोपहर करीब एक बजे दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में ओड़िशा के बड़बिल निवासी निखिल दास भी शामिल है, जिसके सिर में गंभीर चोट लगी है। जानकारी के अनुसार, निखिल जमशेदपुर में कार्य करता है और सुंदरनगर क्षेत्र में अपने भाई के पास रह रहा था। दूसरी बाइक पर सवार बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी हरिजन बस्ती निवासी अजय मुखी (23) और बागबेड़ा निवासी चंद्रमुखी पात्रो (21) भी घायल हो गए।
बताया जाता है कि दोनों पोटका के हरिणा मेला जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद निखिल दास के साथ मौजूद एक व्यक्ति उसका मोबाइल फोन और पर्स लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


