
डॉक्टरों की समाज के प्रति बड़ी जिम्मेवारी, अच्छी तरह निभाएं : डीडीसी
तीन राज्यों के संथाली डॉक्टरों का सम्मेलन शनिवार से शुरू हुआ, जिसमें झारखंड, बंगाल और ओडिशा से डॉक्टर शामिल हुए। इस कार्यक्रम में बीमारियों के इलाज पर चर्चा हुई और डॉक्टरों ने अपने अनुभव साझा किए।...
तीन राज्यों के संथाली डॉक्टरों का दो दिवसीय सम्मेलन शनिवार से शुरू हुआ। इस कार्यक्रम में झारखंड, बंगाल और ओडिशा से डॉक्टर भाग ले रहे हैं। पारडीह काली मंदिर के पास स्थित एक होटल में जुटे तीनों राज्यों के डॉक्टरों ने विभिन्न बीमारियों के इलाज पर चर्चा करते हुए एक-दूसरे से न सिर्फ जानकारी हासिल की, बल्कि अपने अनुभव को भी साझा किया। बतौर मुख्य अतिथि सरायकेला की डीडीसी रीना हांसदा ने कहा कि सामान्यतया डॉक्टरी की पढ़ाई के बाद लोग शहर की ओर भाग जाते हैं, लेकिन आप जिस समाज से आते हैं वहां आपकी जिम्मेवारी काफी बढ़ गई है।

इसको पूरी जिम्मेवारी से निभाना होगा। आगे की पीढ़ियों को इसका लाभ होगा। यहां तीन राज्यों के डॉक्टरों के आइडिया को इंटरचेंज करने से एक-दूसरे की जानकारी बढ़ेगी और मरीजों का बेहतर इलाज हो सकेगा। डॉ. चंपई सोरेन ने डॉक्टरों को दायित्व कैसे बेहतर तरीके से निर्वहन करना चाहिए, इसकी जानकारी दी। कानूनी पहलुओं से बचने के लिए क्या काम करें, इस बारे में भी बताया। डॉ. जुझार मांझी ने कहा कि इतने संथाली डॉक्टर एकत्रित हुए हैं तो इसका प्रभाव समाज पर भी पड़ना चाहिए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय कैंप लगाकर लोगों में बीमारियों का स्क्रीनिंग कर और समय पर सही इलाज मुहैया कराएं। डॉ. अमिशा मुर्मू ने सांप काटने पर बचाव की जानकारी दी। डॉ. श्यामन चरण दास ने ऑपरेशन के बाद की सावधानियों के बारे में बताया। इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. श्याम लाल मुर्मू, आयाजन सचिव डॉ. केआर हांसदा, ट्रेजरर डॉ. चंपई सोरेन आदि उपस्थित थे। इसमें पहुंचे पूर्व सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी तथा डॉ. लुगू राम टुडू ने बताया कि इसमें विभिन्न विषयों पर तकनीकी सत्र में विभिन्न विषयों पर जानकारी का आदान-प्रदान होगा। इसमें अगले एक साल के लिए संगठन की नई कार्यकारिणी का चुनाव मनोनयन पद्धति द्वारा होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


