
चोरी के खिलाफ विजया गार्डन दो नंबर गेट पर ताला जड़कर हंगामा
विजया गार्डन में 60 लाख की चोरी के 48 घंटे बाद भी चोरों की गिरफ्तारी न होने पर कॉलोनीवासियों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को लचर बताते हुए विरोध जताया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई तो आंदोलन और तेज होगा।
विजया गार्डन में 60 लाख की चोरी की घटना के 48 घंटे बाद भी चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित कॉलोनीवासियों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने कॉलोनी के दो नंबर गेट में ताला बंद कर विरोध जताया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था लचर हो गई है। 6 नवंबर को ज्योति सिंह के घर में करीब 60 लाख के गहने और नगद की चोरी हुई थी। घटना के बाद पुलिस और प्रबंधन की निष्क्रियता से लोगों में नाराजगी है। लोगों ने बताया कि विजया गार्डन में सुरक्षा गार्डों की तैनाती औपचारिकता भर रह गई है।
अधिकांश सीसीटीवी कैमरे महीनों से खराब हैं, वहीं चोरी वाली इमारत के कैमरे भी घटना के समय काम नहीं कर रहे थे। किसी के निजी कैमरे में दो संदिग्धों की तस्वीरें जरूर कैद हुई हैं, लेकिन पुलिस अबतक किसी को पकड़ नहीं सकी है। कॉलोनी वासियों ने बताया कि शिकायत के बावजूद विजया गार्डन प्रबंधन ने कोई गंभीर कदम नहीं उठाया। पिछले वर्ष भी यहां छह फ्लैट में चोरी की घटनाएं हुई थीं, पर स्थिति जस की तस है। लोगों का कहना है कि प्रबंधन सुरक्षा बढ़ाने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क लेने की बात कर रहा है, जिससे निवासी खुद को ठगा और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन प्रदर्शन की सूचना पर बिरसानगर पुलिस पहुंची और लोगों को समझाया। पुलिस ने भरोसा दिया कि कॉलोनी प्रबंधन और निवासियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में तत्काल कदम उठाए जाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो अन्य गेट को भी अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




