Jamshedpur News: प्राइवेट मेडिकल रिपोर्ट पर ट्रेन चालक को नहीं मिलेगी छुट्टी
Jamshedpur News: दुर्गापूजा से छठ पूजा तक ट्रेनों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने लोको पायलट, गार्ड और अन्य रनिंग व परिचालन कर्मचारियों को 30 नवंबर तक निजी मेडिकल सर्टिफिकेट के आधार पर छुट्टी देने पर रोक लगाई है। यह आदेश खड़गपुर मंडल में भी लागू हुआ है। त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या और विशेष ट्रेनों के संचालन के कारण आपात स्थिति में ही छुट्टी मिलने की संभावना है।

Jamshedpur News: रेलवे में लोको पायलट, गार्ड व अन्य श्रेणी के रनिंग व परिचालन कर्मचारियों को 30 नवंबर तक प्राइवेट मेडिकल सर्टिफिकेट के आधार पर छुट्टी नहीं मिलेगी। दुर्गापूजा से छठ पूजा तक ट्रेनों के समयबद्ध परिचालन को लेकर यह योजना बनी है। चक्रधरपुर मंडल में यह आदेश पहले से लागू था, लेकिन खड़गपुर मंडल के लोको पायलट, गार्ड एवं अन्य को रनिंगकर्मियों के भी पीएमसी पर रोक लग गई। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान ट्रेनों के संचालन के लिए पर्याप्त रनिंग स्टाफ उपलब्ध रखना है क्योंकि, दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के समय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से स्पेशल ट्रेनें भी चलती हैं।
इससे लोको पायलट व अन्य को आपात स्थिति में ही छुट्टी की उम्मीद है। जानकार बताते हैं कि पूजा के दौरान रेलवे स्पेशल ट्रेनों को चलाता है। खड़गपुर मंडल में पूजा को लेकर कई जोड़ी स्पेशल मेमू ट्रेनों को हावड़ा, पंसकुरा मैचेदा और अमता स्टेशन के बीच 17 से 22 अक्तूबर तक चलाने का आदेश दक्षिण पूर्व जोन से हुआ है, जबकि विभिन्न मार्गों पर लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं। टाटानगर में एक लोको पायलट ने बताया कि चक्रधरपुर मंडल में एक पीएमसी रद्द होने से पूर्व दूसरा आदेश जारी हो जाता है।

