बीएड प्रवेश परीक्षा: ग्रेजुएट कॉलेज में देर से पहुंचीं छात्राओं को नहीं मिली एंट्री, हंगामा
बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के दौरान ग्रेजुएट कॉलेज में हंगामा हुआ। कुछ छात्राएं देर से पहुंचने के कारण परीक्षा में प्रवेश नहीं पा सकीं, जिससे नाराज होकर उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने कहा कि वे समय पर पहुंचे थे, लेकिन औपचारिकताओं में देरी के कारण उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया।

बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के दौरान रविवार को ग्रेजुएट कॉलेज परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ। यहां देर से पहुंचने के कारण कुछ छात्राओं को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कुछ विद्यार्थियों ने गेट कूदकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास भी किया। परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 10.15 बजे निर्धारित था, जबकि परीक्षा 10.30 बजे शुरू होनी थी। अभ्यर्थियों का कहना था कि वे समय पर कॉलेज परिसर पहुंच गए थे, लेकिन प्रवेश द्वार पर दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं में देरी होने के कारण उन्हें अंदर जाने का अवसर नहीं मिला। छात्रों के अनुसार, गेट पर मौजूद कर्मियों ने उन्हें इंतजार करने को कहा, जिससे समय बीतता गया। परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले कई छात्रों को प्रवेश दे दिया गया, जबकि कुछ अन्य को बाहर ही रोक लिया गया। इसी बात को लेकर छात्रों में नाराजगी फैल गई。
गेट पर चढ़े छात्र, परीक्षा में शामिल करने की मांग
विरोध के दौरान कुछ अभ्यर्थी कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर चढ़ गए और उन्हें परीक्षा में शामिल करने की मांग करने लगे। अभ्यर्थियों का कहना था कि वे रिपोर्टिंग समय से कुछ मिनट देर से पहुंचे थे, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्र परिसर में मौजूद थे। इसके बावजूद उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि समय पर परिसर पहुंचने के बाद भी परीक्षा से वंचित किए जाने के कारण उनका एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है। इसको लेकर उन्होंने परीक्षा प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई और मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की।
सात केंद्रों पर हुई बीएड, एमएड और बीपीएड प्रवेश परीक्षा
शहर के सात केंद्रों पर रविवार को बीएड, एमएड और बीपीएड प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन किया गया। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में 3801 अभ्यर्थियों में से 3032 शामिल हुए, जबकि 769 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 10.30 बजे से 12.30 बजे तक ओएमआर आधारित ऑफलाइन मोड में आयोजित की गई। परीक्षा के परिणाम के आधार पर ऑनलाइन काउंसिलिंग कराई जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित किए जाएंगे और सरकारी एवं गैर-सरकारी बीएड संस्थानों में नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
---
प्रवेश परीक्षा का संचालन निर्धारित मानकों और तय रिपोर्टिंग समय के अनुसार किया गया। कई परीक्षार्थी निर्धारित समय के बाद पहुंचे, इसलिए उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा का संचालन परिषद की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किया गया है।
- डॉ. विशेश्वर यादव, एचओडी बीएड, ग्रेजुएट कॉलेज
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


