ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरजिले में 17 को होगा संवर्धन कार्यक्रम का शुभारंभ : उपायुक्त

जिले में 17 को होगा संवर्धन कार्यक्रम का शुभारंभ : उपायुक्त

बाल कल्याण संघ एवं एटसेक झारखंड चैप्टर के सहयोग से बाल कल्याण आश्रम गोबरघुसी में महिला सुरक्षा प्रहरियों का शपथ ग्रहण समारोह किया...

जिले में 17 को होगा संवर्धन कार्यक्रम का शुभारंभ : उपायुक्त
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरFri, 30 Jul 2021 05:50 PM
ऐप पर पढ़ें

बाल कल्याण संघ एवं एटसेक झारखंड चैप्टर के सहयोग से बाल कल्याण आश्रम गोबरघुसी में महिला सुरक्षा प्रहरियों का शपथ ग्रहण समारोह किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सूरज कुमार एवं जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने संयुक्त रूप से किया। उपायुक्त ने कहा कि जब वे खूंटी में पदस्थापित थे, तब उन्होंने करीब से मानव तस्करी को देखा और उन्हें लगा कि यह एक चुनौती है। उन चुनौतियों से निपटने के लिए संवर्धन कार्यक्रम का निर्णय लिया गया।

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नीति आयोग एवं जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार का सहयोग मिला। बाल कल्याण संघ इस कार्यक्रम को टेक्निकल सहयोग देने के लिए आगे आया था, इस बीच उनका तबादला हो गया, किन्तु बाल कल्याण संघ ने इसे बरकरार रखा और खूंटी जिले में संवर्धन कार्यक्रम के तहत जोखिम में रहने वाले सभी बच्चों को चिह्नित किया। पूर्वी सिंहभूम में भी आगामी 17 अगस्त को संवर्धन कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इसके तहत कठिन परिस्थिति में रहने वाले प्रत्येक बच्चों को चिह्नित किया जाएगा, ताकि मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह व बाल यौन शोषण जैसे अपराधों में बच्चों को जाने से रोका जा सके। इन परिवारों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे जरूरतमंद बच्चों में मैपिंग करने के लिए पूरी टीम को लगाकर ससमय पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी जरूरतमंद बच्चों और परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजना से लाभान्वित कराया जायेगा। विधायक सरयू राय ने कहा कि भारत सरकार द्वारा बने मानव तस्करी विरोधी बिल का हम समर्थन करते हैं, विभिन्न स्वयंसेवी संस्था भी इसका समर्थन कर रही हैं और इस बिल को पास करने के लिए संघर्ष हो रहा है।

आने वाले समय में बाल अधिकारों पर हो रहे हमले को रोकने के लिए यह बिल काफी मददगार होगा। बीकेएस के सचिव संजय कुमार मिश्र ने कहा कि कठिन परिस्थिति में जीवन वसर करने वाली युवतियों को बाल कल्याण संघ द्वारा 3 महीने का सुरक्षा प्रहरी का प्रशिक्षण दिया गया था। ये बच्चियां कोविड-19 की कठिन परिस्थिति में जीवन बसर कर रही थीं। साथ ही ये ऐसी युवतियां है जो कहीं न कहीं मानव तस्करी की शिकार हो चुकी थीं। इस कार्यक्रम के माध्यम से इन युवतियों को एक नया आयाम मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार गुप्ता एवं धन्यवाद ज्ञापन सुरेश कुमार शक्ति ने किया। मौके पर 18 महिला सुरक्षा प्रहरियों को उपायुक्त ने शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पटमदा बीडीओ राकेश कुमार गोप, सीओ चंद्रशेखर तिवारी एवं झारखंड के विभिन्न जिलों के गैर सरकारी संस्थान के सचिव एवं अध्यक्षों ने भाग लिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें