गोविंदपुर में वासंती दुर्गापूजा की तैयारियां तेज, 22 मार्च को उद्घाटन
गोविंदपुर के सामुदायिक विकास मैदान में श्री श्री वासंती दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूजा समिति ने भूमि और झंडा पूजन के बाद पंडाल निर्माण तेज कर दिया है। इस वर्ष पूजा का उद्घाटन 22 मार्च को होगा और यह स्थापना का 25वां वर्ष है। श्रद्धालुओं से समारोह में शामिल होने की अपील की गई है।

गोविंदपुर के सामुदायिक विकास मैदान में इस वर्ष होने वाली श्री श्री वासंती दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। दुर्गा पूजा समिति गोविंदपुर की ओर से भूमि पूजन और झंडा पूजन संपन्न होने के बाद पंडाल निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। समिति ने जानकारी दी कि इस वर्ष पूजा का भव्य उद्घाटन 22 मार्च को किया जाएगा। इस बार का आयोजन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि समिति स्थापना का 25वां वर्ष यानी रजत जयंती मना रही है। समिति के अध्यक्ष जीतेंद्र कुमार ने बताया कि इस अवसर को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
इस बार मां दुर्गा की प्रतिमा को भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। भूमि पूजन पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह, थाना प्रभारी पवन कुमार, रामनवमी सिंह, श्याम किशोर सिंह, अशोक सिंह तथा समिति के संरक्षक इंद्रजीत सिंह शामिल थे। सभी ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 22 मार्च को होने वाले उद्घाटन समारोह में सपरिवार शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


