
पूर्व सैनिकों के घर तक दवा पहुंचाएगा डाक विभाग
पूर्व सैनिकों के लिए डाक विभाग ने ईसीएचएस के तहत नई दवा वितरण सेवा शुरू की है। यह सेवा उन दवाओं को लाभार्थियों के दरवाजे तक पहुंचाएगी जो पॉली क्लीनिक में उपलब्ध नहीं हैं। यह पहल दिल्ली में शुरू हुई और अब पूरे देश में लागू की जा रही है, जिससे पूर्व सैनिकों को समय पर चिकित्सा सहायता मिलेगी।
देश की सेवा में समर्पित रहे पूर्व सैनिकों के लिए डाक विभाग ने सराहनीय पहल की है। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के तहत डाक विभाग ने ऐसी दवाओं को लाभार्थियों के घर तक पहुंचाने की नई सेवा शुरू की है, जो ईसीएचएस पॉली क्लीनिक में उपलब्ध नहीं होती। यह सेवा पूर्व सैनिक विभाग (डीईएसडब्ल्यू) के सहयोग से शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत सामान्य सेवा केंद्रों (सीएससी) के माध्यम से ग्रामस्तरीय उद्यमी (वीएलई) दवाओं की खरीद और पैकेजिंग करेंगे। इसके बाद भारतीय डाक उन्हें लाभार्थियों के दरवाजे तक पहुंचाएगा। भारतीय डाक न केवल दवाओं का परिवहन करेगा, बल्कि संपूर्ण लॉजिस्टिक और वितरण प्रणाली का प्रबंधन भी स्वयं करेगा।

इस पहल का उद्देश्य उन पूर्व सैनिकों तक समय पर दवाएं पहुंचाना है, जिन्हें उपचार के दौरान तत्काल दवा की जरूरत होती है, लेकिन संबंधित पॉली क्लीनिक में वह उपलब्ध नहीं हो पातीं। विभाग ने बताया कि यह सर्विस पूरी तरह ट्रैकिंग सुविधा से लैस होगी, ताकि लाभार्थी अपनी दवाओं की स्थिति ऑनलाइन देख सकें। योजना का पहला पायलट प्रोजेक्ट 31 जुलाई को दिल्ली में शुरू किया गया था। योजना को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इसे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के एनसीआर में विस्तारित किया गया। पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद अक्तूबर से यह सेवा पूरे देश में शुरू कर दी गई है। इस संबंध में पूर्व सैनिक सेवा परिषद जमशेदपुर इकाई के वरुण कुमार कहते हैं कि यह एक अच्छी पहल है। डाक विभाग और पूर्व सैनिक विभाग के संयुक्त प्रयास से शुरू हुई यह पहल इलाज के दौरान दवा को लेकर कठिनाई का सामना करने वाले पूर्व सैनिकों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




