टाटा स्टील में वेज रिवीजन पर वार्ता में प्रबंधन का रुख सकारात्मक
टाटा स्टील प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच ग्रेड रिविजन वार्ता में प्रबंधन का सकारात्मक रुख देखा जा रहा है। कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूति दिखाई जा रही है और मई में वेज समझौते की उम्मीद है। पिछले चार दिनों में हुई वार्ता में कई मुद्दों पर चर्चा हुई और अगली बैठक बुधवार को होगी।

टाटा स्टील प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच चल रही ग्रेड रिवीजन वार्ता में प्रबंधन का रुख सकारात्मक और लचीला बताया जा रहा है। प्रारंभिक दौर की बातचीत में प्रबंधन ने कर्मचारियों की वाजिब मांगों पर गंभीरता दिखाते हुए एनएस ग्रेड कर्मियों के लंबित मुद्दों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार शुरू किया है। इससे कर्मचारियों के बीच इस बार बेहतर वेज समझौते की उम्मीद मजबूत हुई है। वेज वार्ता जिस रफ्तार व माहौल में चल रही है, उससे उम्मीद है कि मई के पहले या दूसरे सप्ताह तक कर्मचारियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो जाएगी। कंपनी सूत्रों के अनुसार, 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी के रिकॉर्ड प्रदर्शन का असर वार्ता पर साफ दिख रहा है।
इसी के चलते प्रबंधन ने पहले ही अधिकारियों को उम्मीद से अधिक इंक्रीमेंट और वार्षिक बोनस दिया है। अब कर्मचारियों को भी इसी तर्ज पर लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। प्रबंधन की सकारात्मक पहल और लचीले रुख से संकेत मिल रहे हैं कि इस बार का ग्रेड रिवीजन समझौता कर्मचारियों के लिए फायदेमंद और संतोषजनक साबित हो सकता है। पिछले चार दिनों में शनिवार को तीसरे दौर की वार्ता हुई। वार्ता सुबह 10 बजे से शुरू हुई जो करीब ढाई घंटे तक चली वार्ता में प्रबंधन की ओर से सीएचआरओ जुबिन पालिया, चीफ राहुल दुबे आदि एवं यूनियन से अध्यक्ष संजीव चौधरी, महासचिव सतीश कुमार सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि वार्ता में पिछले ग्रेड रिवीजन समझौतों का अध्ययन किया जा रहा है कि किन-किन मदों में कितनी वृद्धि और किस आधार पर की गई है। शनिवार को वार्ता के दौरान कर्मचारियों के एलाउंस पर चर्चा हुई। यूनियन की अधिकतर तर्कसंगत मांगों पर प्रबंधन ने हामी भर दी है। हालांकि वेज समझौता के मुख्य बिंदु एमजीबी, वैरिएबल डीए, एनएस ग्रेड की समस्याओं पर चर्चा नहीं हुई है। लेकिन अगली प्रस्तावित मीटिंग बुधवार को होनी है जिसमें इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा के बाद वार्ता के आगे बढ़ने की उम्मीद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


