Jamshedpur News: दो दुकानों में चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार, पुलिस हिरासत से एक फरार
Jamshedpur News: बोड़ाम में एक ही रात दो दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया। झारखंड और पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चोरी के माल के साथ एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया। छापेमारी जारी है।

Jamshedpur News: बोड़ाम में एक ही रात दो दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने झारखंड और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी के चांदी के आभूषण, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। हालांकि, पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान एक आरोपी फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। तीन और चार अगस्त की रात दीपक स्वर्णकार की बोड़ाम स्थित ज्वेलरी दुकान और बारियादा गांव में देवेन महतो की मोबाइल दुकान को बदमाशों ने निशाना बनाया था।
दोनों दुकानों की एलवेस्टस की छत तोड़कर अपराधी अंदर घुसे और आभूषण, मोबाइल फोन व नकदी चोरी कर ली। पहचान छिपाने के लिए बदमाश दोनों दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर भी साथ ले गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अरशा, बलरामपुर और पुरुलिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान मकबुल अंसारी, असलम अंसारी, रहीम अंसारी और क्यामुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 79 बिछिया, कंगन, बाह वाला, बाला, चेन, पायल और चांदी के सिक्के बरामद किए। पूछताछ के दौरान एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।


