ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुररांची के अधिवक्ता की हत्या में विजय तिर्की को रिमांड पर ले गई पुलिस

रांची के अधिवक्ता की हत्या में विजय तिर्की को रिमांड पर ले गई पुलिस

तमाड़ में हुई अधिवक्ता की हत्या में पुलिस ने विजय तिर्की को रिमांड पर लिया है। शनिवार को रांची से आई पुलिस की टीम उसे घाघीडीह जेल से 72 घंटे के...

रांची के अधिवक्ता की हत्या में विजय तिर्की को रिमांड पर ले गई पुलिस
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरMon, 27 Sep 2021 05:01 PM
ऐप पर पढ़ें

तमाड़ में हुई अधिवक्ता की हत्या में पुलिस ने विजय तिर्की को रिमांड पर लिया है। शनिवार को रांची से आई पुलिस की टीम उसे घाघीडीह जेल से 72 घंटे के रिमांड पर ले गई है। विजय तिर्की मानगो के आजादनगर थाना अंतर्गत वारिस कॉलोनी का निवासी है। वारिस कॉलोनी के ही मोनू की तलाश इस हत्याकांड में पुलिस कर रही है। वह विजय तिर्की का साथी है। इसको लेकर 10 दिनों पहले पुलिस की टीम ने वारिस कॉलोनी में दबिश दी थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली थी। विजय तिर्की और मोनू के घर वालों से पूछताछ करने के बाद टीम लौट गई थी।

विजय तिर्की सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी पुल पर हुए निशा कोड़ा अपहरण कांड का भी आरोपी है। लिहाजा इस बीच उसने कोर्ट में निशा कोड़ा अपहरण कांड में आत्मसमर्पण कर दिया। इसकी जानकारी तमाड़ पुलिस को मिलने के बाद उसने रिमांड की अर्जी कोर्ट में दाखिल की, जिसमें 72 घंटे रिमांड पर लेने की अनुमति के बाद उसे टीम रांची ले गई। विजय तिर्की पेशेवर शूटर है और उसके खिलाफ दर्जनों हत्या, अपहरण सहित अन्य मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ रांची में भी अपहरण का मामला पहले दर्ज हो चुका है और रांची पुलिस ने भी उसे हथियार के साथ एक होटल में दबिश देकर गिरफ्तार किया था।

26 जुलाई को गोली मारकर हुई थी हत्या

रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में 26 जुलाई को अधिवक्ता मनोज झा की गोली मारकर उस वक्त हत्या कर दी गई थी, जब वे तमाड़ में निर्माणाधीन कॉलेज परिसर में बाउंड्री करा रहे थे। उस दौरान बाइक सवार पांच अपराधी वहां पहुंचे और कार में बैठे अधिवक्ता के सीने में चार गोली मारकर उनकी जान ले ली।

विजय गिरोह के 5 हो चुके हैं गिरफ्तार

इस हत्याकांड में पहले विजय तिर्की गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उनमें पुरुलिया से शकील अंसारी, सरायकेला के नोयाडीह से संजीत मांझी, तमाड़ का रड़गांव से सोनू अंसारी और रिजवान अंसारी शामिल हैं। इनके पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल, 3 गोली, कार, मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया था। सूत्रों के अनुसार, हत्या की सुपारी रड़गांव ईंट-भट्ठा संचालक लंगड़ा ने दी थी और इसके लिए विजय तिर्की का इस्तेमाल किया था। पकड़े गए अन्य आरोपियों से पूछताछ में ही गिरोह का खुलासा हुआ और पुलिस ने मानगो आजादनगर स्थित वारिस कॉलोनी में दबिश दी थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें