Jamshedpur News: वाहन से 300 बोतल अवैध बीयर और विदेशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार
Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने 300 बोतल किंगफिशर बीयर और 12 बोतल व्हिस्की बरामद की। चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी बुधराम बेसरा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एसपी ने निरंतर अभियान की जानकारी दी।

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब लदे मैजिक वाहन को जब्त कर चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वाहन मालिक एवं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। यह जानकारी ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में दी। ग्रामीण एसपी ने बताया कि आठ जुलाई की मध्यरात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग की गाड़ी से अवैध शराब की बड़ी खेप मुसाबनी क्षेत्र में खपाने के लिए लाई जा रही है।
इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी थाना पुलिस ने जादूगोड़ा-मुसाबनी मुख्य मार्ग पर एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 25 कार्टून में पैक 300 बोतल किंगफिशर बीयर तथा एक कार्टून में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलीट व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही पूरी खेप और वाहन को जब्त कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार चालक जानुम सिंह सुंडी (25) और खलासी सोमा पूर्ति (30) ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से लेकर पुरुलिया निवासी बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी। वहां से इसकी अवैध बिक्री की योजना बनाई गई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जब्त वाहन भी बुधराम बेसरा के नाम पर है। इसके बाद पुलिस ने चालक और खलासी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी बुधराम बेसरा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


