Jamshedpur News: बोलेरो से 330 लीटर अवैध देशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार
Jamshedpur News: जमशेदपुर के बागबेड़ा में पुलिस ने 330 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की है। आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें विकास विशाल और धीरेन तांती शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल और 7550 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। मामले की जानकारी डीएसपी सुमित कुमार ने दी।

Jamshedpur News: जमशेदपुर, संवाददाता। बागबेड़ा के जगन्नाथपुर मोड़ के पास पुलिस ने शनिवार को अवैध देसी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने काले रंग की बोलेरो से 330 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की है। मौके से शराब की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में सिदगोड़ा ग्वाला बस्ती निवासी विकास विशाल उर्फ छोटू (31) और कानू भट्ठा निवासी धीरेन तांती उर्फ पिंटू (40) शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल और 7550 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसकी जानकारी डीएसपी सुमित कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में दी। पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि जगन्नाथपुर मोड़ के रास्ते एक बोलेरो में अवैध देसी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम को जगन्नाथपुर मोड़ के आसपास निगरानी और वाहन जांच का निर्देश दिया गया।
शिव मंदिर के पास शुरू हुई वाहन जांच
पुलिस टीम ने जगन्नाथपुर मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास सघन वाहन जांच शुरू की। शनिवार दोपहर करीब 2.15 बजे पुलिसकर्मियों ने काले रंग की एसयूवी को आते देखा। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक पुलिस को देखते ही बोलेरो छोड़कर भागने लगा। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन में मौजूद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद बोलेरो की तलाशी ली गई। तलाशी में दौरान वाहन के बीच और पीछे की सीट पर रखे 11 बोरे में देसी शराब मिली। पुलिस ने सभी बोरों को बाहर निकालकर जांच की तो कुल 330 लीटर अवैध देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ बोलेरो को भी जब्त कर लिया। वाहन और आरोपियों की तलाशी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल और 7550 रुपये नकद बरामद किए।


