Jamshedpur News: हत्या के मामलों में अपराधियों के करीबी कर रहे रेकी, तलाश हुई शुरू
Jamshedpur News: शहर में हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपियों के करीबी लोगों की भूमिका की पड़ताल शुरू की है। ये लोग जेल में बंद अपराधियों के लिए काम कर रहे हैं और विरोधियों पर नजर रखने के साथ ही अपराधियों को सूचना देने का काम कर रहे हैं। पुलिस संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

Jamshedpur News: शहर में हुई हत्या और अन्य संगीन आपराधिक घटनाओं में पुलिस अब मुख्य आरोपियों के साथ उनके करीबियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कई मामलों में मुख्य आरोपी के जेल जाने के बाद भी उनके करीबी बाहर रहकर उनके लिए काम कर रहे हैं। ऐसे लोग अपराधियों के लिए मुखबिरी के साथ विरोधियों की गतिविधियों पर नजर रखने का काम कर रहे हैं। पुलिस ने ऐसे संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। हाल के दिनों में हुई कुछ हत्या की घटनाओं की जांच के दौरान मुख्य आरोपियों के करीबियों की भूमिका सामने आई है।
ये लोग सीधे तौर पर वारदात में शामिल नहीं होते, लेकिन अपराध से पहले रेकी करने, विरोधियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने और अपराधियों तक सूचना पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कई मामलों में आरोपियों के जेल जाने के बाद भी उनके नेटवर्क के सक्रिय रहने की जानकारी पुलिस को मिली है। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट और संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी खंगाली जा रही है। लगातार संपर्क में रहने वाले संदिग्ध नंबर और लोगों की गतिविधियों पर पुलिस नजर रख रही है। पुलिस की निगरानी सूची में फिलहाल करीब एक दर्जन ऐसे लोग बताए जा रहे हैं, जिनकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि जेल में बंद मुख्य आरोपियों के संपर्क में उनके करीबी किस तरह बने हुए हैं और बाहर रहकर उनके निर्देश पर कौन-कौन गतिविधियां संचालित कर रहा है। पुलिस का मानना है कि अपराधियों के नेटवर्क को कमजोर करने के लिए मुख्य आरोपियों के साथ उनके मददगारों और सूचना देने वालों पर कार्रवाई जरूरी है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की गतिविधियों और पुराने आपराधिक मामलों से उनके संबंधों की जांच कर रही है। जांच में भूमिका स्पष्ट होने के बाद पुलिस उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करेगी।


