जेल में बंद गैंगस्टर हेते और उसके भाई को रिमांड पर लेगी पुलिस, बिष्टूपुर थाना में दर्ज एफआईआर के बाद कारवाई तेज
जमशेदपुर के बिष्टूपुर में पकड़े गए आकाश गोराई से अवैध हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने गैंगस्टर विकास सिंह उर्फ हेते को रिमांड पर लेने की तैयारी की है, जिसने आकाश को हथियार मुहैया कराया था। पुलिस बंटी की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है। शहर में अवैध हथियार और रंगदारी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जमशेदपुर।बिष्टूपुर में पकड़े गए युवक आकाश गोराई से बरामद अवैध हथियार के मामले में पुलिस कार्रवाई तेज कर रही है। इस मामले में नाम सामने आने के बाद पुलिस जेल में बंद गैंगस्टर विकास सिंह उर्फ हेते को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। वहीं उसके भाई बंटी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को बिष्टूपुर इलाके में वाहन जांच के दौरान संदिग्ध स्थिति में घूम रहे आकाश गोराई को रोका गया था। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ। इसके बाद उसे थाना लाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आकाश गोराई ने पुलिस को बताया कि बरामद हथियार उसे जेल में बंद गैंगस्टर विकास सिंह उर्फ हेते ने दिलवाया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसी हथियार के बल पर वह इलाके में लोगों से रंगदारी मांग रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि हेते का भाई बंटी भी पूरे मामले में सक्रिय रूप से शामिल है। पुलिस के मुताबिक बंटी आकाश गोराई को लगातार हथियार के बल पर लोगों से रंगदारी वसूलने के लिए उकसाता था। आकाश गोराई के बयान के आधार पर बिष्टूपुर थाना में विकास सिंह उर्फ हेते और बंटी के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब हेते को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि मामले में और जानकारी मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हथियार और रंगदारी से जुड़े मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए कार्रवाई जारी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


