ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरसाइबर गिरोह के मास्टरमाइंड राहुल की तलाश में पुलिस

साइबर गिरोह के मास्टरमाइंड राहुल की तलाश में पुलिस

महेश पोद्दार के कोर्ट में आत्मसमर्पण किये जाने के बाद साइबर थाना की पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों को पकड़ने की कोशिश में है। हालांकि, अब भी इस गिरोह का एक अन्य सरगना मानगो पारसनगर निवासी राहुल...

साइबर गिरोह के मास्टरमाइंड राहुल की तलाश में पुलिस
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरSat, 18 Jan 2020 05:14 PM
ऐप पर पढ़ें

महेश पोद्दार के कोर्ट में आत्मसमर्पण किये जाने के बाद साइबर थाना की पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों को पकड़ने की कोशिश में है। हालांकि, अब भी इस गिरोह का एक अन्य सरगना मानगो पारसनगर निवासी राहुल कुमार केशरी फरार है। इसके साथ ही सदस्य योगेश कुमार और महेश की महिला मित्र दीक्षा भी पुलिस की पकड़ से दूर है। इधर, साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किये गए गिरोह के सदस्य छोटा गोविंदपुर निवासी राहुल मिश्रा को शुक्रवार को दो दिनों के लिए रिमांड पर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी और जानकारियां इकठ्ठा करने की कोशिश में लगी हुई है। पूछताछ में पुलिस को कई जानकारियां हासिल हुई हैं। राहुल ने पुलिस को बताया कि उसे अब तक महेश ने सिर्फ दस हजार रुपये ही दिए हैं। वह पिछले दो महीनों से ही इस धंधे से जुड़ा था। वह मानगो के आदर्शनगर स्थित कार्यालय में संचालित कॉल सेंटर में एक ही बार गया था। यहां उसकी मुलाकात राहुल केशरी और महेश पोद्दार से हुई थी। दोनों फोन पर कस्टमर से बात करते दिखाई दिए थे। वैसे पुलिस को पूछताछ में बिष्टूपुर आईसीआईसीआई बैंक में राहुल केशरी के चार फिक्स डिपोजिट होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसकी जांच में जुट गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार महेश पोद्दार को पुलिस की कार्रवाई के बारे में पहले ही जानकारी हो गई थी। इस कारण वह अपनी महिला मित्र के साथ मुंबई फरार हो गया था। मुंबई में कुछ दिन रहने के बाद वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। वह मुंबई से भाग कर पटना आ गया। कुछ दिन पटना में रुकने के बाद वह रक्सौल फरार हो गया। वह जहां-जहां जाता, उसके लिए पहले ही ऑनलाइन होटल को बुक कर लेता था। फिलहाल, वह पुरुलिया में रह रहा था। पुलिस ने महेश के सारे बैंक अकाउंट फ्रिज कर दिए थे। इससे उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा था। अंतत : उसने गुरुवार को कार्ट में सरेंडर कर दिया। साइबर गिरोह का सरगना राहुल केसरी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस को राहुल के बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्र में छुपे होने की सुचना मिली है। मालूम हो कि इस मामले में साइबर पुलिस ने पहले ही राहुल मिश्रा, धीरज और राकेश महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साइबर पुलिस ने महेश को भी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दी है। बिष्टुपुर साइबर थाना प्रभारी उपेन्द्र मंडल ने बताया कि पुलिस इन तीनों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। उनका नंबर ट्रेस किया जा रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें