
प्रिंस खान गिरोह पर तीन जिलों का संयुक्त अभियान, हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच
राज्य के प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गैंग पर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। रांची, धनबाद और जमशेदपुर पुलिस ने एक संयुक्त अभियान शुरू किया है। गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने और फरार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। रिया सिन्हा की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
राज्य के चर्चित प्रिंस खान–सुजीत सिन्हा गैंग पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। रांची, धनबाद और जमशेदपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। तीनों जिलों की विशेष टीमों को गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने, फंडिंग स्रोतों की जांच करने और फरार शूटरों की गिरफ्तारी का जिम्मा सौंपा गया है। यह कार्रवाई कारोबारी हरेराम सिंह से रंगदारी मांगने और उनके घर पर फायरिंग की घटना के बाद तेज हुई है, जिसने पूरे कोल्हान और राजधानी क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। जमशेदपुर में नया केस, रिमांड पर होंगे दोनों गैंगस्टर जमशेदपुर पुलिस ने प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के खिलाफ नया मामला दर्ज किया है।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों को जल्द ही रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि रंगदारी और फायरिंग की साजिश से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जा सके। पुलिस को शक है कि इस गिरोह के सदस्य शहर में ठेकेदारों और कारोबारियों से वसूली के लिए अलग-अलग गैंग बनाकर काम कर रहे हैं। इधर, रांची पुलिस द्वारा बुंडू से पकड़े गए गिरोह के सक्रिय सदस्य दशरथ शुक्ला को रिमांड पर लेने के लिए जमशेदपुर पुलिस की टीम रविवार को रांची रवाना होगी। दशरथ पर गिरोह को हथियार सप्लाई कराने और रंगदारी में इस्तेमाल मोबाइल सिम की व्यवस्था करने का आरोप है। पाकिस्तान कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आधुनिक हथियार पंजाब (मोगा) के रास्ते भारत में मंगाता था। इन हथियारों का इस्तेमाल दहशत फैलाने और गैंग के विरोधियों को धमकाने में किया जाता था। एटीएस और इंटेलिजेंस एजेंसियों को भी इस नेटवर्क की जांच में शामिल किया गया है। रिया सिन्हा की भूमिका पर निगाह रांची पुलिस ने हाल ही में सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा समेत पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया था। रिया पर गिरोह का संचालन करने, रंगदारी के लिए कॉल कराने और हथियारों के लेन-देन को मैनेज करने का आरोप है। सूत्रों के अनुसार, उसने अपने पति की गिरफ्तारी के बाद गिरोह की गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से संभालना शुरू कर दिया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




