Jamshedpur News: शहर की सुरक्षा पर 3.29 करोड़ रुपए खर्च, लेकिन 4 चेकपोस्ट आजतक खुले ही नहीं
Jamshedpur News: जमशेदपुर में शहर की सुरक्षा के लिए बनाए गए 7 पुलिस चेकपोस्ट में से 4 अब तक शुरू नहीं हो सके हैं। इन चेकपोस्टों के अनुपस्थिति ने अपराधियों को शहर से भागने में मदद की है। चेकपोस्टों का निर्माण 3 साल पहले 3.29 करोड़ रुपये की लागत से हुआ था, और अब ये खंडहर में तब्दील हो रहे हैं।

Jamshedpur News: फोटो- सरफराज इस्तमाल नहीं होने के कारण चार चेकपोस्ट खंडहर में तब्दील हो रहे हैं
3 साल पहले शहर के सीमावर्ती इलाके और बीचों-बीच 7 चेकपोस्ट का हुआ था निर्माण
शहर में अपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर आसानी से शहर छोड़ रहे अपराधी
जमशेदपुर, कार्यालय संवाददाता
चेकपोस्ट की स्थिति
शहर में अपराध रोकने लिए बनाए गए पुलिस चेकपोस्ट ही सुरक्षा व्यवस्था की कमजोर कड़ी बन गई है। शहर के सीमावर्ती इलाके और शहर के बीचों-बीच 3.29 करोड़ रुपए खर्च कर 7 चेकपोस्ट बनाए गए थे, लेकिन 3 साल बाद भी इनमें से चार चेकपोस्ट शुरु नहीं हो पाए। इससे अपराधियों के लिए घटना को अंजाम देने के बाद शहर से बाहर निकलने का रास्ता आसान बन गया है। किसी भी अपराधिक घटना को अंजाम देकर अपराधी आसानी से शहर छोड़ दे रहे हैं। शहर में हाल के दिनों में डकैती और फायरिंग की घटनाएं हुई, वारदात के बाद अपराधी आसानी से शहर की सीमा से बाहर निकल गए। चेकपोस्ट शुरू रहता तो अपराधी आसानी से शहर नहीं छोड़ पाते।
चेकपोस्ट की कार्यप्रणाली
7 चेकपोस्ट में एमजीएम अस्पताल के पास बने एक चेकपोस्ट में डीएसपी पटमदा का कार्यालय चल रहा है। जबकि दो अन्य साकची गोलचक्कर और बिष्टुपुर स्थित खरकई गोलचक्कर के पास बने चेकपोस्ट का इस्तेमाल ट्रैफिक पुलिस कर रही है। ऐसे में इन चेकपोस्ट का मूल उद्देश्य पूरा नहीं हो सका है। शेष 4 चेकपोस्ट बनने के 3 साल बाद भी शुरु नहीं हुए हैं। अब हाल यह है कि सभी चेकपोस्ट अब खंडहर में तब्दिल होने लगे हैं। भवन जर्जर होने लगे हैं और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए गए हैं। कदमा टोल ब्रिज के पास बना चेकपोस्ट शरारती तत्वों का अड्डा बन गया है।
निर्माण की लागत
प्रत्येक चेकपोस्ट पर 47-47 लाख हुई थे खर्च
शहर में बने 7 चेकपोस्टों के निर्माण में 47-47 लाख रुपए खर्च हुए थे। साकची गोलचक्कर, बिष्टुपुर स्थित खरकई गोलचक्कर, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पास, पारडीह स्थित एनएच किनारे, कदमा टोल ब्रिज के पास, डोबो पुल के पास और गोविंदपुर स्थित अन्ना चौक के पास पुलिस चेकपोस्ट बनाया गया था। एमजीएम कॉलेज के पास बने चेकपोस्ट पर करीब एक साल से पटमदा डीएसपी का कार्यालय चल रहा है। जबकि साकची और बिष्टुपुर के चेकपोस्ट का इस्ताल ट्रैफिक पुलिस कर रही है। इधर, जिले के अन्य चेकपोस्टों पर पुलिस द्वारा निगरानी की जा रही है। दोमुहानी पुल के पास, बहरागोड़ा के जामशोला और बड़शोल, घाटशिला के सीमावर्ती इलाके, चाकुलिया के बेंद, पटमदा के सीमावर्ती इलाका के पास बने चेकपोस्ट पर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

