
अमरनाथ गिरोह के गुर्गे समेत छह को भेजा जेल, हथियार बरामद
एमजीएम थाना पुलिस ने अमरनाथ गिरोह से जुड़े अंकित शर्मा समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी शराब पार्टी के बहाने एक फार्म हाउस में जुटे थे और रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से हथियार और गोलियां बरामद की हैं।
एमजीएम थाना पुलिस ने मौज-मस्ती और अपराध के गठजोड़ का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अमरनाथ गिरोह से जुड़े कुख्यात अंकित शर्मा समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से लोडेड देशी ऑटोमेटिक पिस्टल, कई जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि गिरोह मौज-मस्ती के बहाने फॉर्म हाउस में जुटता था और बाद में महिलाओं से हथियारों की सप्लाई कराई जाती थी। डीएसपी पटमदा ने एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 14 दिसंबर की रात एसएसपी पीयूष पांडे को गुप्त सूचना मिली थी कि तुरियाबेड़ा के रामबालक नगर स्थित अनिल कुमार के फार्म हाउस में छह शातिर बदमाश एकत्र हैं।
आशंका जताई गई थी कि वे किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एमजीएम थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। देर रात पुलिस टीम ने फार्म हाउस पर छापेमारी कर चार पुरुष और दो महिलाओं को हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शराब पार्टी के बहाने वहां जुटे थे और उलीडीह, मानगो व एमजीएम थाना क्षेत्र के कारोबारियों की सूची तैयार कर रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे। हथियारों के बल पर दहशत फैलाने की भी तैयारी थी। पुलिस ने एमजीएम थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित शर्मा, अनिल कुमार, भोला कुमार उर्फ रवि कुमार, योगेन्द्र कुमार प्रसाद, माया कौर उर्फ निशा और सीता देवी के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी अंकित शर्मा समेत अन्य के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और रंगदारी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




