बाइक चोरी और नशे के रैकेट का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
मानगो पुलिस ने चोरी की बाइक और नशे के अवैध नेटवर्क से जुड़े गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के दो सदस्य फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। गिरोह के सदस्यों पर चोरी की बाइक को ठिकाने लगाने और नशे के कारोबार में संलिप्त होने का आरोप है।

मानगो पुलिस ने चोरी की बाइक के कारोबार और नशे के अवैध नेटवर्क से जुड़े एक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मो. साकिब, मो. अयान उर्फ चिकना, मो. नसिम अख्तर उर्फ तन्ना, दानिश खान उर्फ बबुआ और इस्माईल आलम उर्फ चोच शामिल हैं। मामले में सात लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें दो आरोपी नयाब मुस्तफा और सरफराज अली उर्फ दिलजले फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि थाना के एएसआई राजेश कुमार शुक्रवार रात गश्त पर थे। इसी दौरान जवाहरनगर फॉरेस्ट एरिया में कुछ युवकों को संदिग्ध अवस्था में पाया गया। उनके पास से एक बाइक बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि बाइक का नंबर बदला हुआ है और बाइक चोरी की है। जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य चोरी की बाइक को ठिकाने लगाने का काम करते थे。
आरोपियों के पास से चोरी की बाइक बरामद होने के बाद नेटवर्क का खुलासा हुआ
आरोपियों के पास से चोरी की बाइक बरामद होने के बाद नेटवर्क का खुलासा हुआ। मामले में मानगो थाना के सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार के बयान पर केस दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह के कुछ सदस्य नशे के अवैध कारोबार से भी जुड़े हैं। स्थानीय स्तर पर गिरोह के सदस्यों के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि खुद को प्रभावशाली बताकर ये लोगों को गुमराह करते थे और विरोध करने वालों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देते थे। पुलिस को लगातार सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद इनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
अपराधियों को वाहन उपलब्ध कराने का आरोप
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नयाब मुस्तफा और उसके पिता पहले पुलिस के लिए सूचनाएं उपलब्ध कराने का काम करते थे। बाद में उनपर इसी पहचान का फायदा उठाकर लोगों को प्रभावित करने और ठगी के आरोप लगे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें अनौपचारिक सूचना तंत्र से अलग कर दिया था। पुलिस को सूचनाएं मिलने लगीं कि गिरोह चोरी की बाइक खरीदने-बेचने, अपराधियों को वाहन उपलब्ध कराने तथा नशे के कारोबार में सक्रिय हैं। पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान चोरी की बाइक के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


