
गोविंदपुर छिनतई कांड का खुलासा, एक गिरफ्तार
जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 23 वर्षीय त्रिलोक कुमार को एक वृद्ध महिला से पर्स छिनने के आरोप में गिरफ्तार किया। महिला ने बैंक से 52 हजार रुपये निकाले थे। आरोपी ने पीछा करके पर्स छीना और फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जमशेदपुर।गोविंदपुर थाना क्षेत्र में हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बिरसानगर निवासी त्रिलोक कुमार (23) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने गोविंदपुर के अपना आंगन सोसाइटी की रहने वाली वृद्ध महिला रीता दत्ता से पर्स छीनकर फरार हो गया था। पुलिस ने उसके पास से 40,100 रुपये नकद, महिला का पर्स, मोबाइल, बाइक, आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड बरामद कर लिया है।जानकारी के अनुसार, रीता दत्ता मंगलवार दोपहर लगभग 1.40 बजे बैंक ऑफ इंडिया, टेल्को शाखा से 52 हजार रुपये निकालकर लौटी थीं। वे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांधा स्थित आवास के सामने बने प्रज्ञा केंद्र में अपना लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने गई थीं।

इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से पर्स छीन लिया और तेजी से भाग निकला।पीड़िता ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी को सूचना दी गई, जिसके बाद सिटी एसपी और सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तातापाथर चौक के पास जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की गई।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बैंक ऑफ इंडिया, टेल्को से ही वृद्धा का पीछा किया था। जैसे ही उनका ऑटो अपना आंगन सोसाइटी के पास धीमा हुआ, उसने मौका देखकर छिनतई की वारदात को अंजाम दे दिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


