
निकाय चुनाव: हर थाने में तैयार होगी सौ आपराधिक व विवादित लोगों की सूची
निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी थानों को विवादित तत्वों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है। पहचान किए गए लोगों को बांड भरवाने और नियमित हाजिरी देने का आदेश दिया जाएगा। प्रशासन चुनावी माहौल को शांत रखने के लिए सतर्क है।
निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी या अप्रिय घटना से निपटने के उद्देश्य से सभी थानों को अपने-अपने क्षेत्र के विवादित और असामाजिक तत्वों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, निकाय चुनाव से पहले हर थाना क्षेत्र से 100 से अधिक विवादित लोगों को चिन्हित किया जाएगा। इसमें पूर्व में चुनावी हिंसा, मारपीट, रंगदारी, अवैध गतिविधियों या शांति भंग करने के मामलों में संलिप्त रहे लोग शामिल होंगे। चिह्नित किए गए लोगों से संबंधित थानों में बांड भरवाया जाएगा और उन्हें नियमित रूप से थाने में हाजिरी देने का आदेश दिया जाएगा।
साथ ही उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी जाएगी कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का मानना है कि समय रहते विवादित तत्वों पर नजर रखने से चुनावी माहौल शांत बना रहेगा और मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों की पहचान करने और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। निकाय चुनाव को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




