ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरपौधरोपण कर जंगल बचाने का लें संकल्प : जोबा

पौधरोपण कर जंगल बचाने का लें संकल्प : जोबा

नदी किनारे पौधरोपण कर पर्यावरण की सुरक्षा के साथ मिट्टी कटाव को रोकने का आह्वान विधायक जोबा माझी ने किया। उन्होंने वृक्ष व जंगल को बचाने का संकल्प लेने की अपील ग्रामीणों से की। इससे पर्यावरण की...

पौधरोपण कर जंगल बचाने का लें संकल्प : जोबा
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरThu, 18 Jul 2019 04:34 PM
ऐप पर पढ़ें

नदी किनारे पौधरोपण कर पर्यावरण की सुरक्षा के साथ मिट्टी कटाव को रोकने का आह्वान विधायक जोबा माझी ने किया। उन्होंने वृक्ष व जंगल को बचाने का संकल्प लेने की अपील ग्रामीणों से की। इससे पर्यावरण की सुरक्षा के साथ धरती को बचाया जा सकता है। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के कोल्हान वन प्रमंडल चाईबासा द्वारा सोनुवा के बालजोड़ी में संजय नदी तट पर नदी महोत्सव मनाया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक जोबा माझी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग अब विश्व चिंता का विषय है। इस पर हम सभी को गंभीरता से विचार करना होगा। मौके पर विधायक ने वन विभाग के पदाधिकारियों और स्कूली बच्चों के साथ पौधरोपण किया। विधायक ने कहा हम सभी प्रत्येक घर में पौधे लगाएं। स्कूली बच्चों से अपील करते हुए विधायक ने कहा कि वे आज समारोह के मौके पर लगाए गए पौधों को सिंचित कर बचाने का भी काम करें। साथ ही अपने गांव-घर के लोगों को पौधे लगाने के लिये जागरूक करें। हमें हरा-भरा झारखंड बनाना है और सिंहभूम क्षेत्र को हरा-भरा रखना है।

लोगों से पौधे लगाने व वृक्ष बचाने की अपील : कार्यक्रम को विभाग के क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक विश्वनाथ शाह, प्रादेशिक अंचल चाईबासा के वन संरक्षक संजय कुमार सिन्हा, पोड़ाहाट वन प्रमंडल के डीएफओ शिव कुमार प्रसाद, कोल्हान वन प्रमंडल के डीएफओ अभिषेक भूषण, चाईबासा वन प्रमंडल के डीएफओ सत्यम कुमार, सारंडा वन प्रमंडल के डीएफओ रजनीश कुमार और संतरा वन प्रक्षेत्र के रेंजर अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने भी संबोधित किया और लोगों को वृक्ष लगाने और वृक्ष बचाने का संकल्प लेने की अपील की।

संजय नदी किनारे 15 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य : नदी महोत्सव कार्यक्रम के मौके पर सोनुवा के महुलडीहा स्कूल के सैकड़ों बच्चों ने वृक्षारोपण किया। वन विभाग के क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक विश्वनाथ शाह ने कार्यक्रम के मौके पर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं और बच्चों से मिलकर उन्हें पौधों को सिंचित कर बचाने की अपील की। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत करने की भी बात कही। मौके पर क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक ने कहा कि संजय नदी के किनारे 15 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है। नदी महोत्सव कार्यक्रम के बाद क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक ने संतरा वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर में नवनिर्मित वनरक्षी आवास भवन का भी उद्घटान किया। नदी महोत्सव कार्यक्रम के मौके पर सोनुवा के प्रखंड उप प्रमुख सुंदरलाल महतो, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष बसंत प्रधान, राजेश प्रधान, विधायक प्रतिनिधि दीपक प्रधान समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें