साकची में पिकअप की टक्कर से दंपती घायल, चालक पकड़ा गया
साकची के सागर होटल के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप चालक घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। घायलों को अस्पताल भेजा गया है और पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है।

साकची के सागर होटल के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप साकची से बर्मामाइंस की ओर जा रही थी। इस दौरान वाहन ने नियंत्रण खो दिया और आगे चल रही स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार होने का प्रयास करने लगा। हालांकि आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया। अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



