
पंकज मेमोरियल कप में साउथ जोन चैलेंजर्स ने जीता खिताब
60 वर्ष और उससे अधिक आयु के वेटरन क्रिकेटरों के लिए द्वितीय पंकज मेमोरियल कप क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन कीनन स्टेडियम में हुआ। 15 से 18 दिसंबर तक आयोजित इस टूर्नामेंट में पांच टीमों ने भाग लिया। साउथ जोन चैलेंजर्स ने फाइनल में नॉर्थ ईस्ट हीरोज को हराकर खिताब जीता।
60 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग के वेटरन क्रिकेटरों के लिए आयोजित द्वितीय पंकज मेमोरियल कप क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन गुरुवार को कीनन स्टेडियम में हुआ। स्कूल ऑफ क्रिकेटर्स और वेटरन्स इंडिया क्रिकेट फाउंडेशन की मेजबानी में यह प्रतियोगिता 15 से 18 दिसंबर तक कीनन स्टेडियम और टाटा मोटर्स ग्राउंड में आयोजित की गई। चार दिन तक चले इस टूर्नामेंट में देश के विभिन्न हिस्सों से सेंट्रल सुपर स्ट्राइकर्स, वेस्टर्न वारियर्स, महाराष्ट्र वारियर्स, नॉर्थ ईस्ट हीरोज और साउथ जोन चैलेंजर्स सहित कुल पांच टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में साउथ जोन चैलेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉर्थ ईस्ट हीरोज को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
वहीं, तीसरे और चौथे स्थान के लिए टाटा मोटर्स ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में महाराष्ट्र वारियर्स ने सेंट्रल सुपर स्ट्राइकर्स को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान वेटरन खिलाड़ियों ने अपने अनुभव, अनुशासन और बेहतरीन फिटनेस से दर्शकों को प्रभावित किया। समापन समारोह में खेल जगत की दिग्गज हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ा दी। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर पद्मश्री सैयद किरमानी और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अशोक कुमार ध्यानचंद उपस्थित रहे। इनके अलावा झारखंड रेल पुलिस के महानिदेशक अनिल पाल्टा, भारतीय जिम्नास्टिक टीम के प्रतिनिधि शंभूनाथ शाह और पूर्व राष्ट्रीय एथलीट ज्ञान सिंह भी समारोह में शामिल हुए। टूर्नामेंट के आयोजक अविनाश कुमार ने बताया कि यह प्रतियोगिता उनके पिता की स्मृति में आयोजित की गई है। अतिथियों ने 60 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों की खेल भावना और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खेल संस्कृति को जीवंत रखने के साथ-साथ युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




