67 लाख रुपये गबन में दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

Newswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share

परसूडीह पुलिस ने 67 लाख 59 हजार रुपये के गबन और धोखाधड़ी में दो वर्ष से फरार आरोपी लेजारों बारीक को ओडिशा से गिरफ्तार किया। आरोपी ने 2010 से 2024 के बीच कंपनी से पैसे हेराफेरी की। जांच में पता चला कि वह ग्राहकों से वसूली की रकम कंपनी में जमा नहीं करता था।

67 लाख रुपये गबन में दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

परसूडीह पुलिस ने 67 लाख 59 हजार रुपये के गबन और धोखाधड़ी में कार्रवाई करते हुए दो वर्ष से फरार आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी लेजारों बारीक को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले में परसूडीह थाना में 10 मार्च 2024 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी लेजारों ओडिशा के बारगढ़ जिला स्थित बीजेपुर थाना क्षेत्र के पुटुका गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, महेश एडिबल ऑयल (सलोनी सरसों तेल) के मालिक राजेश अग्रवाल ने वर्ष 2024 में कंपनी के हिसाब-किताब की जांच कराई थी।

जांच में पता चला कि वर्ष 2010 से कंपनी में कार्यरत लेजारों बारीक बाजार से ग्राहकों से रुपये की वसूली करता था, लेकिन पूरी राशि कंपनी में जमा नहीं करता था। वह प्रबंधन को यह कहकर गुमराह करता रहा कि संबंधित ग्राहकों से भुगतान नहीं मिला है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने वर्ष 2022 से 2024 के बीच लगातार हेराफेरी कर कुल 67 लाख 59 हजार का गबन किया। मामला सामने आने के बाद कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना पर आरोपी की तलाश जारी रखी। इस क्रम में ओडिशा में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गबन की राशि कहां खर्च की गई और मामले में किसी अन्य की संलिप्तता तो नहीं है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।