एनआईटी में तीन दिवसीय ‘टेक्निका’ का शुभारंभ
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के धातुकर्म एवं सामग्री इंजीनियरिंग विभाग ने 'टेक्निका-2026' महोत्सव का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि डॉ. अतनु रंजन पाल और विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय कुमार ने छात्रों को ग्रीन टेक्नोलॉजी और रिसर्च के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में टेक्निका स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के धातुकर्म एवं सामग्री इंजीनियरिंग विभाग के वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘टेक्निका-2026’ का शुक्रवार को उद्घाटन किया गया। सोसाइटी फॉर मेटालर्जिकल इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स की ओर से आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि टाटा स्टील के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (प्रोसेस) डॉ. अतनु रंजन पाल और विशिष्ट अतिथि सीएसआईआर-एनएमएल के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनआईटी के निदेशक डॉ. गौतम सूत्रधार ने की। इस अवसर पर उप-निदेशक डॉ. राम विनय शर्मा, विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार और एसएमईएस के संयोजक डॉ. अरविंद गली भी मंच पर उपस्थित रहे। महोत्सव में विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय कुमार ने, जो सेरामिक इंजीनियरिंग और सस्टेनेबल मैटेरियल्स के विशेषज्ञ हैं, छात्रों को ग्रीन टेक्नोलॉजी और ई-वेस्ट मैनेजमेंट के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने धातु निष्कर्षण और रीसाइक्लिंग के क्षेत्र में नए अनुसंधानों की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि डॉ. अतनु रंजन पाल ने इस्पात उद्योग में प्रोसेस रिसर्च और क्लीन एनर्जी समाधानों के भविष्य पर चर्चा करते हुए छात्रों को नवाचार के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन समारोह के दौरान टेक्निका स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


