एनआईटी जमशेदपुर में अब ऑनलाइन कोर्स में भी नामांकन

Newswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
Follow us on Google News
share

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर ने 2026-27 के लिए मास्टर ऑफ डिज़ाइन (एमडेस) कार्यक्रम में नामांकन की घोषणा की है। आवेदन प्रक्रिया मई 2026 से शुरू होगी। कार्यक्रम में हाइब्रिड मोड में शिक्षण दिया जाएगा, जिससे कामकाजी पेशेवर भी लाभ उठा सकें। आईआईटी बॉम्बे के साथ समझौता कर छात्रों को सीड के माध्यम से प्रवेश मिलेगा।

एनआईटी जमशेदपुर में अब ऑनलाइन कोर्स में भी नामांकन

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए अपने प्रतिष्ठित मास्टर ऑफ डिज़ाइन (एमडेस) कार्यक्रम में नामांकन की घोषणा कर दी है। संस्थान के डिजाइन एंड इनोवेशन सेंटर (डीआईसी) की ओर से संचालित इस दो वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया मई 2026 के प्रथम सप्ताह से शुरू हो जाएगी। इस वर्ष का कार्यक्रम अपनी लचीली शिक्षण पद्धति के कारण विशेष चर्चा में है, क्योंकि इसे ऑफलाइन के साथ हाइब्रिड मोड में भी पेश किया जा रहा है, ताकि छात्रों के साथ कामकाजी पेशेवर भी लाभ उठा सकें। संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को वैश्विक मानकों के अनुरूप ले जाने के लिए एनआईटी जमशेदपुर ने आईआईटी बॉम्बे के साथ महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया है।

इसके तहत अब कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन फॉर डिज़ाइन (सीड) के माध्यम से भी मेधावी छात्र सीधे प्रवेश पा सकेंगे। इसके अलावा गेट या नेट स्कोर रखने वाले अभ्यर्थियों को भी चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। जो छात्र सीड उत्तीर्ण हैं, उन्हें संस्थान की आंतरिक परीक्षा से छूट देकर सीधे साक्षात्कार और पोर्टफोलियो मूल्यांकन के लिए आमंत्रित किया जा सकता है। निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने इस पहल पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम तकनीकी दक्षता और रचनात्मकता के संगम से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा। प्रोडक्ट डिजाइन पर केंद्रित इस कोर्स में केवल 20 सीटें निर्धारित हैं, ताकि छात्रों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन और स्टूडियो आधारित गहन प्रशिक्षण मिल सके। चयनित योग्य छात्रों को भारत सरकार के नियमों के तहत स्टाइपेंड की सुविधा भी दी जाएगी। उपनिदेशक प्रो. आरवी शर्मा और समन्वयक डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में संचालित यह कोर्स इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर और कला जैसे विभिन्न क्षेत्रों के स्नातकों के लिए करियर के नए द्वार खोलने हेतु तैयार है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।