
टाटानगर-बादामपहाड़ मार्ग पर तीन स्टेशनों में बनेगा नया प्लेटफॉर्म
टाटानगर-बादामपहाड़ मार्ग के रायरंगपुर, बहलदा और आवंलाजुड़ी स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। चक्रधरपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया है। वर्तमान में इन स्टेशनों पर केवल एक प्लेटफॉर्म है, जिससे यात्रियों को कठिनाई होती है। नए प्लेटफॉर्म का निर्माण अमृत भारत योजना के अंतर्गत भी किया जाएगा।
टाटानगर-बादामपहाड़ मार्ग के तीन स्टेशनों पर एक-एक नया प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा। यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए चक्रधरपुर मंडल ने इसके निर्माण का आदेश दिया है। इसके तहत रायरंगपुर, बहलदा और आवंलाजुड़ी स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा। रेल मंडल ने अभी वाणिज्य, इंजीनियरिंग, परिचालन समेत अन्य विभागों से प्लेटफॉर्म विस्तार की संभावनाओं पर संयुक्त सर्वे रिपोर्ट मांगी है। दरअसल, इस मार्ग के सभी स्टेशनों पर फिलहाल केवल एक प्लेटफॉर्म है, जहां से रोज तीन मेमू और दो जोड़ी साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनें चलती हैं। प्लेटफॉर्म की कमी के कारण यात्रियों और रेलकर्मियों को दिक्कत होती है। इसी वजह से पहले चरण में तीनों स्टेशनों पर नया प्लेटफॉर्म बनाने की योजना बनी है, ताकि यात्री सुविधा बढ़ाई जा सके।

अमृत भारत योजना के तहत भी रायरंगपुर और बहलदा स्टेशन का विकास होना है। इसके अलावा, चक्रधरपुर मंडल ने कुछ महीने पूर्व टाटानगर-बादामपहाड़ मार्ग के टांगरजोड़ा, सानपखना और स्वर्णरेखा हाल्ट निर्माण का भी सर्वे कराया है। मालूम हो कि बादामपहाड़ मार्ग के कई स्टेशनों को भविष्य में दो नई लाइनों के माध्यम से ओडिशा के क्योंझर और बांगड़ीपोसी से जोड़ने की तैयारी है। इन स्टेशनों से जुड़ने के बाद रायरंगपुर और बादामपहाड़ मार्ग पर ट्रेनों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। जानकार बताते हैं कि चक्रधरपुर मंडल और दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने बादामपहाड़ तक डबल लाइन बनाने का भी सर्वे कराया है, क्योंकि टाटानगर से ट्रेनें फिलहाल सिंगल लाइन से अप-डाउन करती हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


