कोल्हान विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर की होगी शोध की गुणवत्ता

Mar 15, 2026 09:32 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share

झारखंड के एनआईटी जमशेदपुर और कोल्हान विश्वविद्यालय के बीच शोध और अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता दोनों संस्थानों के संसाधनों का उपयोग कर शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने और छात्रों के लिए विभिन्न अवसरों को बढ़ाने में मदद करेगा।

कोल्हान विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर की होगी शोध की गुणवत्ता

झारखंड के दो प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर और कोल्हान विश्वविद्यालय के बीच शोध एवं अकादमिक विकास के नए युग की शुरुआत हुई है। चाईबासा में आयोजित कार्यक्रम में दोनों संस्थानों ने शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। एनआईटी के निदेशक प्रो. डॉ. गौतम सूत्रधार और कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। केयू की ओर से कुलसचिव रंजीत कर्ण और केंद्रीय सतर्कता अधिकारी अरविंद कुमार सिंह उपस्थित रहे। यह समझौता कोल्हान क्षेत्र के साथ ही पूरे झारखंड के शैक्षणिक परिवेश को नई दिशा देगा।

इसका उद्देश्य दोनों संस्थानों के संसाधनों का उपयोग कर शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करना है। इसके तहत शिक्षकों-कर्मचारियों के बीच नियमित आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिससे कार्यक्षमता और शिक्षण गुणवत्ता में सुधार होगा। विशेषकर स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी छात्रों के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा।दोनों संस्थानों के विशेषज्ञ संयुक्त रूप से छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे, जिससे शोध की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय स्तर की हो सकेगी। छात्रों-शोधार्थियों को एक-दूसरे के पुस्तकालय, उन्नत प्रयोगशालाओं और डिजिटल संसाधनों का उपयोग मिलेगा, जो संसाधन अभाव की बाधाओं को दूर करेगा। भविष्य में दोनों संस्थान राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं में संयुक्त रूप से काम करेंगे। संयुक्त सेमिनार, कार्यशालाएं और सम्मेलन आयोजित होंगे। छात्रों के लिए प्रोजेक्ट, इंटर्नशिप और विशेष शोध प्रशिक्षण के अवसर बढ़ेंगे, जिससे कौशल विकास और करियर निर्माण में सहायता मिलेगी। यह साझेदारी अकादमिक जगत को मजबूत करने के साथ स्थानीय उद्योगों के लिए कुशल पेशेवर तैयार करने में भी मददगार साबित होगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।