श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 353वें प्रकाश पर्व पर गुरुवार को नगर कीर्तन में सिख संगत का जनसैलाब उमड़ा। सोनारी गुरुद्वारा में सुबह 11.15 बजे नगर कीर्तन में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय एवं पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता भी शामिल हुए।सोनारी गुरुद्वारा में श्रीअखंड पाठ की समाप्ति के बाद कीर्तन दरबार सजा। प्रधान तारा सिंह गिल ने अतिथियों का स्वागत किया। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के चेयरमैन बलबीर सिंह बल्ली ने रघुवर दास, सरयू राय और विभिन्न गुरुद्वारा के प्रधानों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। अतिथियों ने पालकी साहिब के समक्ष माथा टेका और गुरु गोबिंद सिंह के जीवन से सीख लेने के लिए प्रेरित किया।अकाली दल के सुखदेव सिंह खालसा के अरदास के बाद नगर कीर्तन आरंभ हुआ। सबसे आगे सिख मार्शल आर्ट और युद्ध कौशल दिखाते गतका टीम और घुड़सवार था।धार्मिक, हाई और मिडिल स्कूल के बच्चे बैंड की धुन पर गुरु गोबिंद सिंह के उपदेशों की तख्तियां लेकर चल रहे थे। वाहो वाहो गुरु गोबिंद सिंह आपे गुर चेला... और शाह-ए-शाह में शाह गुरु गोबिंद सिंह... आदि सबद कीर्तन से नगर कीर्तन गूंजा। धर्म प्रचार कमेटी जमशेदपुर की 75 सदस्यीय गतका टीम ने जोश और खरोश के साथ सिख युद्ध कौशल और मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया। जसवंत सिंह जस्सु के नेतृत्व में गतका टीम का हैरतअंगेज और कलात्मक प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना रहा। तीन घुड़सवारों में नन्हा रणबीर सिंह सबकी आंखों का तारा बना। उसका उत्साह देखते बन रहा था। सुखवंत सिंह सुख्खू की देख-रेख में स्वच्छता दल के सदस्य सक्रिय रहे।
अगली स्टोरी