उलीडीह में युवक की हत्या कर झाड़ियों में फेंका, शव के साथ ओपी के समक्ष हंगामा
शहर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में युवक विकास सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शव झाड़ियों में मिला और परिजन आक्रोशित होकर ओपी पहुंचे। उन्होंने 48 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी कार्यालय घेरने की चेतावनी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शहर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में शनिवार रात युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी। उसका शव रविवार सुबह आदिवासी क्लब रोड में झाड़ियों में मच्छरदानी से लिपटा मिला। युवक विकास सिंह शंकोसाई रोड नंबर-2 का रहनेवाला था। इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव के साथ ओपी पहुंच हंगामा शुरू कर दिया। हालात बेकाबू होता देख क्यीआरटी को मोर्चा संभालना पड़ा, जिसके बाद लोग शांत हुए। परिजनों ने 48 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसएसपी कार्यालय घेरने की चेतावनी दी। ओपी पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से कई बार वार करने के निशान मिले हैं। पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने भी मौके पर पहुंच जांच की। पुलिस ने डॉग स्क्वाड की भी मदद ली, पर कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा。
शनिवार रात बहन के घर गया था
मृतक के भाई विक्की सिंह ने बताया कि विकास (25 वर्ष) शनिवार रात उलीडीह स्थित अपनी बहन के घर गया था। देर रात वह बहन के घर से निकला, पर घर नहीं लौटा। रविवार सुबह बस्ती के लोगों से सूचना मिली कि उसका शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा है। विकास पुट्टी का काम करता था और तीन भाइयों में मंझला था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सौरभ हत्याकांड का बदला लेने के लिए की गयी हत्या
परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, 21 मार्च को आदिवासी स्कूल परिसर में सौरभ शर्मा उर्फ पवन की हत्या हुई थी। उस मामले में विकास के भाई विक्की को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। घटना के बाद सौरभ के परिजनों और विकास के परिवार के बीच तनाव बढ़ गया था। विक्की हाल में जमानत पर जेल से बाहर आया है। विक्की का आरोप है कि शनिवार शाम विकास ने उसे फोन कर बताया था कि छोटू उर्फ राजू बोयपाई, राजू कुंभकार और साधु उर्फ सूरज कुंटिया उसे तलाश रहे हैं। उसकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। परिजनों का दावा है कि सौरभ हत्याकांड का बदला लेने के लिए विकास की हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
उलीडीह ओपी परिसर में शव के साथ किया प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर उलीडीह ओपी पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर क्यूआरटी की एक टीम तैनात कर दी। पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों को 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिये जाने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे एसएसपी कार्यालय का घेराव करेंगे। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है。
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


