Jamshedpur News: पत्नी को सरकारी नौकरी के आश्वासन पर हिमांशु सिंह का अंतिम संस्कार, शहर में निषेधाज्ञा

हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
Follow us on Google News
share

Jamshedpur News: बिष्टूपुर के डीडी बार एंड कैफे के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या के बाद, प्रशासन ने साकची, बिष्टूपुर, सोनारी, कदमा, मानगो और एमजीएम में निषेधाज्ञा लागू की। प्रशासन ने अंततः हिमांशु की पत्नी को सरकारी नौकरी का आश्वासन दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार हुआ।

Jamshedpur News: पत्नी को सरकारी नौकरी के आश्वासन पर हिमांशु सिंह का अंतिम संस्कार, शहर में निषेधाज्ञा

Jamshedpur News: बिष्टूपुर के डीडी बार एंड कैफे के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की चाकू गोदकर की गई हत्या के बाद बवाल को देखते हुए बुधवार सुबह छह थाना क्षेत्रों में साकची, बिष्टूपुर, सोनारी, कदमा, मानगो और एमजीएम में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई। इसके बाद शाम को प्रशासन और परिजनों के बीच हिमांशु की पत्नी को सरकारी नौकरी देने के लिखित आश्वासन पर अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले परिजनों की गैर मौजूदगी में उपायुक्त के आदेश पर बुधवार सुबह 3.30 हिमांशु के शव का पोस्टमार्टम एमजीएम अस्पताल में मेडिकल बोर्ड की निगरानी में किया गया। इससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया। इसके बाद बुधवार को दिन भर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन परिजनों को मनाने में जुटा रहा, पर परिजन सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े रहे। वे बिना लिखित आश्वासन के अंतिम संस्कार करने को तैयार नहीं थे। शाम को प्रशासन ने जब लिखित आश्वासन दिया तो वे शव लेने को तैयार हुए। इसके बाद देर शाम बिष्टूपुर के पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया。

पत्नी को सरकारी एजेंसी में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी

देर शाम सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह व जमशेदपुर पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में परिजनों को लिखित आश्वासन दिया गया। इसके अलावा सरकारी एजेंसी एवरग्रीन सर्विसेज में आउटसोर्सिंग के माध्यम से मृतक हिमांशु की पत्नी रिचा कुमारी को कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्त करने का आश्वासन मिला। जबकि स्थायी नौकरी के लिए कैबिनेट में प्रस्ताव दिया जाएगा। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिवार के लोग राजी हुए।

यहां लगाई गई निषेधाज्ञा

धालभूम अनुमंडल प्रशासन की ओर से साकची, बिष्टूपुर, सोनारी, कदमा, मानगो और एमजीएम थाना क्षेत्रों में अगले आदेश तक पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने, धरना-प्रदर्शन, जुलूस, पुतला दहन तथा बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग पर रोक लगा दी गई है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर हथियार, लाठी-डंडा या अन्य घातक वस्तुओं के साथ निकलने पर भी प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा।

घर पर दिनभर लगा रहा नेताओं का जमावड़ा

परिजनों की अनुपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराने की सूचना मिलने पर परिवार और समर्थकों में नाराजगी फैल गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें विश्वास में लिए बिना पोस्टमार्टम कराया गया। बुधवार सुबह से ही आदित्यपुर स्थित आवास पर सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का जमावड़ा लगा रहा। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार परिजनों के संपर्क में रहे तथा उन्हें शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार के लिए मनाने का प्रयास करते रहे।

आदित्यपुर से पार्वती घाट तक नारेबाजी करते रहे लोग

हिमांशु का शवयात्रा में शामिल लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हिमांशु के घर से लेकर पार्वती घाट तक हिमांशु का शव कंधे पर ले जाया गया। इस दौरान आक्रोशित लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। पोस्टमार्टम हाउस से शव घर लाए जाने पर माहौल बेहद भावुक हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

यह है मामला

दिनों डीडी बार एंड कैफे के बाहर हुए विवाद के बाद हिमांशु सिंह और उनके साथी पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु ने इलाज के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथी का अब भी इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे हैं और कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा चुकी है।

सामान्य प्रश्न

हिमांशु सिंह की हत्या के बाद प्रशासन ने कौन सी कार्रवाई की?
प्रशासन ने साकची, बिष्टूपुर, सोनारी, कदमा, मानगो और एमजीएम में निषेधाज्ञा लागू की।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।