सीरियल क्राइम गिरोह के सदस्य मंगल तिवारी की हत्या, 10 दिनों से था लापता
2014 में सीरियल क्राइम कर आतंक मचाने वाले अंजन शुक्ला गिरोह के सदस्य मंगल तिवारी की हत्या कर दी गई। वह 21 अप्रैल से लापता था और 26 अप्रैल को उसका शव बरामद हुआ। हत्या का मामला दर्ज किया गया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की।

वर्ष 2014 में शहर में सीरियल क्राइम कर आतंक मचाने वाले पूर्व सिपाही अंजन शुक्ला गिरोह के सदस्य मंगल तिवारी की हत्या कर दी गई। मंगल 21 अप्रैल से लापता था, उसका शव 26 अप्रैल को परसूडीह स्थित कान्हा स्वीट्स के पास पुलिया के नीचे एक गड्ढे से बरामद किया गया था। मामले में चार दिन बाद एक मई को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। मृतक के भाई बंटी तिवारी के आवेदन पर मुनीष पांडेय नामक युवक समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस कांड में आरोपी बना मुनीष पांडेय भी अंजन शुक्ला गिरोह का ही सदस्य रह चुका है। मुनीष और मंगल तिवारी को रंगदारी के एक मामले में 23 अप्रैल 2019 को ढाई साल की सजा भी हो चुकी है।
परिजनों का आरोप
परिजनों का आरोप है कि मंगल तिवारी 21 अप्रैल से लापता था, लेकिन शुरुआती दिनों में पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। परिवार के सदस्य लगातार थाने का चक्कर लगाते रहे, बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिस सक्रिय होती तो घटना को रोका जा सकता था या कम से कम मामले का खुलासा पहले हो जाता। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
केस पार्टनर के साथ निकला था
मामले में मोबाइल से कुछ अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, मंगल 21 अप्रैल की दोपहर घर से दोस्तों से मिलने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मृतक के भाई के अनुसार, मुनीष उसका करीबी और केस पार्टनर है, जिसके साथ वह उस रात निकला था। 22 अप्रैल की रात मुनीष नशे की हालत में मंगल के घर पहुंचा और बताया कि दोनों ने साथ में शराब पी थी, जिसके बाद मंगल कहां गया, उसे जानकारी नहीं है।
मोबाइल से मिला सुराग
अगले दिन जब परिजनों ने मंगल के मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन एक सैलून संचालक ने उठाया। उसने बताया कि मोबाइल उसे रास्ते में गिरा हुआ मिला था। इस बीच, परिजनों ने दावा किया कि घटना वाली रात मंगल के कुछ दोस्त नशे की हालत में उसके घर पहुंचे थे, जिससे उन पर शक और गहरा गया है। परिजनों का यह भी कहना है कि जिस स्थान से शव बरामद हुआ, वहां पानी बहुत कम था, जिससे डूबने की आशंका नहीं के बराबर है। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


