Jamshedpur News: किसी भी थाना का मोबाइल नंबर बंद मिला तो थानेदार पर होगी कार्रवाई : एसएसपी
Jamshedpur News: एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि सरकारी मोबाइल कभी बंद ना रखें, तथा अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करें। महिलाओं के संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाने का भी आदेश दिया गया।

Jamshedpur News: एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल की मौजूदगी में सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता, कानून-व्यवस्था और जनसंपर्क को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि उन्हें आवंटित सरकारी मोबाइल किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं रखना है। सरकारी नंबरों का प्रचार-प्रसार थाना क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर किया जाए, ताकि आमलोग आसानी से सूचना और शिकायत दर्ज करा सकें। पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन का काम सात दिन में पूरा कर पोर्टल पर अपलोड करने तथा किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने का दिशा-निर्देश भी दिया गया।
महिला सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश
बैठक में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध सीसीए, सर्विलांस, डोजियर और थाना हाजिरी की कार्रवाई तेज करने को कहा गया। दागी और गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों की नियमित थाना हाजिरी सुनिश्चित करने तथा उन्हें दोबारा अपराध नहीं करने की चेतावनी देने के निर्देश दिए गए। महिलाओं के विरुद्ध अपराध, दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों का अनुसंधान 60 दिन में पूरा कर आरोप पत्र दाखिल करने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि किसी थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी, नशीले पदार्थों या अवैध बालू कारोबार की शिकायत मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा। अवैध हथियार, चाकू और अन्य प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने, पीसीआर और गश्ती वाहनों को लगातार सक्रिय रखने तथा बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकान और पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
गश्ती और जागरूकता कार्यक्रम
महिला थाना प्रभारियों को पिंक पेट्रोलिंग के साथ नियमित गश्त करने, स्कूल, कॉलेज और पार्कों के आसपास छेड़खानी व चेन स्नेचिंग रोकने के लिए अभियान चलाने तथा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया। वहीं, यातायात पुलिस को ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान चलाने, लेकिन यातायात व्यवस्था के नाम पर लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने का निर्देश दिया गया। साइबर पुलिस को प्रत्येक सप्ताह स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर साइबर अपराध से बचाव संबंधी जागरूकता अभियान चलाने तथा सभी थाना प्रभारियों को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत गांवों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं संवाद मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


