आमबगान मैदान में बढ़ा अवैध अतिक्रमण : सरयू राय
विधायक सरयू राय ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस मैदान की बिगड़ी स्थिति पर उपायुक्त को पत्र लिखा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अवैध पार्किंग, गैर लाइसेंसी गैराज और झोपड़ियों की समस्या देखी। मैदान की सुंदरता को बनाए रखने और इसे सुरक्षित स्मृति-स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासन से सहयोग की मांग की गई है।

विधायक सरयू राय ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस (आमबगान) मैदान की बिगड़ी हालत पर उपायुक्त को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। शनिवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि मैदान कार और बसों की अवैध पार्किंग, गैर लाइसेंसी गैराज, अस्थायी दुकानों और झोपड़ियों का अड्डा बन गया है। मैदान के एक कोने में कश्मीरी उलन मेले का लगना भी अतिक्रमण की स्थिति को दर्शाता है। उनकी अनुशंसा पर विधायक निधि से नेताजी की प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, लेकिन मैदान की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है। मैदान में घुमंतु लोगों ने झोपड़ीनुमा घर बनाकर कब्जा कर लिया है।
इससे न सिर्फ मैदान की सुंदरता धूमिल हुई है, बल्कि यह सार्वजनिक स्थल अवैध गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। 2014 से 2019 के बीच विधायक रहने के दौरान जुस्को द्वारा मैदान की घेराबंदी और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया गया था, पर अधूरा रह गया। स्थानीय संगठनों की मांग पर मैदान का नाम नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आमबगान मैदान रखने की पहल भी की गई थी। सरयू राय ने उपायुक्त से आग्रह किया कि प्रशासन, जेएनएसी और टाटा स्टील के सहयोग से मैदान की घेराबंदी, सौंदर्यीकरण और संरक्षित स्मृति-स्थल के रूप में विकास की दिशा में कदम उठाए जाएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


