एमजीएम को स्वच्छ रखने में सभी दें सहयोग: विधायक
मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने गुटखा और तंबाकू से फैली गंदगी पर नाराजगी जताई और अस्पताल की सफाई सुधारने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी है और गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने का सुझाव दिया।

डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल का पोटका विधायक संजीव सरदार ने मंगलवार को अचानक निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में गुटखा और तंबाकू सेवन से फैली गंदगी देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। विधायक ने अस्पताल की खिड़कियों और दीवारों पर थूक के निशान देखकर सुरक्षा कर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि व्यवस्था में सुधार लाएं और अस्पताल को स्वच्छ बनाए रखें। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा से कहा कि पूर्व में हुई गंदगी की विशेष सफाई कराई जाए, ताकि अस्पताल का वातावरण मरीजों के अनुकूल बने। अगली बार निरीक्षण में सकारात्मक बदलाव दिखना चाहिए।संजीव सरदार ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है।
ऐसे में सरकारी अस्पतालों की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन और आम लोगों दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सुझाव दिया कि गुटखा-तंबाकू लेकर आने या गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। विधायक ने अस्पताल में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास से फोन पर बात कर होमगार्ड जवानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन, सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों से अपील की कि एमजीएम अस्पताल को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में सभी अपना योगदान दें। अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि सभी वॉटर फिल्टर वारंटी में हैं और उन्हें जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


