ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरउलीडीह में नाबालिग का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म

उलीडीह में नाबालिग का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म

उलीडीह थाना अंतर्गत रामनगर में एक नाबालिग का अपहरण कर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उसके बाद उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया...

उलीडीह में नाबालिग का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरFri, 15 Feb 2019 04:06 PM
ऐप पर पढ़ें

उलीडीह थाना अंतर्गत रामनगर में एक नाबालिग का अपहरण कर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उसके बाद उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया गया। आरोपियों ने पीड़िता को घटना की जानकारी किसी को नहीं देने की धमकी दी। वीडियो वायरल होने के बाद इसकी जानकारी पीड़िता के परिजनों को हुई, तब उन्होंने उलीडीह थाने में घटना की लिखित शिकायत की। इस मामले में तीन युवकों रोशन कुमार, मुन्ना और विकास कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी मनीष कुमार फरार है। घटना के संदर्भ में पीड़िता के पिता ने बताया कि 10 फरवरी को पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली उनकी 13 वर्षीय बेटी ट्यूशन गई थी। वहां सरस्वती पूजा का कार्यक्रम था। वह लेट से पहुंची और जब दोपहर तीन बजे घर लौट रही थी तो उसे दो बाइक पर सवार युवकों ने रोका। उसमें एक बाइक पर रोशन कुमार और विकास, जबकि दूसरे पर मनीष और मुन्ना थे। रिफ्यूजी कालॉनी के पास उन्होंने बाइक से घेरकर पीड़िता को जबरन मनीष की बाइक पर बैठाया और वहां से उसे डिमना लेकर गए। पिता के अनुसार रास्ते में उसके चेहरे पर रुमाल बांध दिया था, लेकिन पीड़िता को रास्ते के बारे में जानकारी थी। डिमना लेक ले जाकर उससे दुष्कर्म किया गया और फिर वीडियो बनाया गया। उस वीडियो को आरोपियों ने वायरल कर दिया। पीड़िता को लाकर उन्होंने शंकोसाई में छोड़ा और धमकी दी कि यदि यह बात किसी से बताई तो उसके पिता की वे लोग हत्या कर देंगे। उसने डर से यह बात किसी से नही बताई। पीड़िता के पिता के अनुसार बस्ती में वायरल हुए वीडियो की जानकारी उन्हें बुधवार को मिली। उस वक्त वे पोटका में थे। वहां से वे शाम को अपने घर आए। उन्होंने अपनी बेटी से घटना के बारे में पूछा। उसने पूरा वाकया बता दिया। आरोपियों में से एक मुन्ना उनके घर के पास रहता है। शाम में बस्ती में प्रतिमा विसर्जन हो रहा था, जिसमें एक आरोपी मुन्ना भी था। मुन्ना को उन्होंने बुलाया। उसकी पकड़कर पिटाई कर दी। तब तक उसके समर्थन में विसर्जन करने जा रहे अन्य लोग आ गए और उनकी ही पिटाई कर दी। जब बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। किसी तरह सभी ने अपनी जान बचाई। पीड़िता के पिता ने बताया कि उनका एक भाई आरपीएफ में है, तुरंत ही उन्होंने उसे कॉल किया। वह भी रामनगर आ गया। यहां से वे उलीडीह थाना गए। वहां लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इधर, पीड़िता पक्ष का समर्थन करते हुए भाजयुमो के कई नेता और कार्यकर्ता उलीडीह थाना पहुंचे। इनमें सुनील बारी, प्रमोद शर्मा, सुनील गोराई, उमाशंकर मंडल, गुरविंदर सिंह, रवीन्द्र सिंह सहित अन्य कई लोग थे। उन्होंने थाना प्रभारी से बात की और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें