मानगो में जलापूर्ति में सुधार को संवेदकों को कड़ी हिदायत

मानगो में जलापूर्ति में सुधार को संवेदकों को कड़ी हिदायत

संक्षेप:

मानगो नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को सुधारने और फेज-2 परियोजना की गति बढ़ाने के लिए उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जलापूर्ति से जुड़े संवेदकों को निर्देश दिए गए कि तकनीकी त्रुटियों को जल्द ठीक करें और गर्मी से पहले सभी वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करें।

Dec 13, 2025 02:36 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share

मानगो नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू करने तथा फेज-2 परियोजना के कार्य में गति लाने के उद्देश्य से रविवार को उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में बैठक की गई। इसमें जलापूर्ति से जुड़े दोनों संवेदक मेसर्स रामेश्वर शर्मा और जैमिनी इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सहायक अभियंता अमित कुमार, कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र सोरेन सहित निगम के अन्य तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में उपनगर आयुक्त ने जलापूर्ति कार्यों में मिल रही तकनीकी त्रुटियों को गंभीरता से लेते हुए दोनों संवेदकों को तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तकनीकी खामियां दूर होनी चाहिए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

फेज-2 के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि पूरे मानगो क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उपनगर आयुक्त ने कहा कि गर्मी शुरू होने से पहले सभी वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए पाइपलाइन में सुधार, लीक जांच, मोटर परिवर्तन और वाटर लेवल मैनेजमेंट से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां अभी से पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और संवेदकों को निर्देश दिया कि जलापूर्ति से संबंधित सभी कार्यों की दैनिक मॉनिटरिंग की जाए और किसी क्षेत्र में जल-संकट की स्थिति न उत्पन्न होने पाए। निगम ने आश्वस्त किया कि समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा कर गर्मी से पूर्व आम जनता को बेहतर जलापूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।