बालीगुमा जल मीनार का निरीक्षण, अधूरी पाइपलाइन और जर्जर सामग्री पर मेयर की नाराजगी
जमशेदपुर में मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने जल मीनार का निरीक्षण किया। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के अधूरे कार्यों और जर्जर सामग्री पर नाराजगी जताई। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलापूर्ति योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा।
जमशेदपुर। मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने शुक्रवार को बालीगुमा स्थित जल मीनार का निरीक्षण कर जलापूर्ति योजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों के साथ परियोजना स्थल का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और लंबित कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण में पाया गया कि जल आपूर्ति योजना के तहत कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य अब भी अधूरा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को नियमित जलापूर्ति में परेशानी हो रही है। वहीं जल मीनार परिसर में उपयोग हो रहे कुछ उपकरण और सामग्री जर्जर अवस्था में पाए गए, जिस पर मेयर ने गंभीर नाराजगी जताई।मेयर
सुधा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अधूरी पाइपलाइन का काम प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए और जर्जर सामग्री को बदलकर गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।मौके पर स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि जल्द समाधान कर क्षेत्र में नियमित और सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


