जमशेदपुर में 22 थानेदारों और अधिकारियों का तबादला
जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक पीयुष पांडेय ने 22 थानेदारों और पुलिस अधिकारियों का तबादला किया। बिष्टुपुर थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर को मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया। अन्य अधिकारियों के...

जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक पीयुष पांडेय ने बुधवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ 22 थानेदारों और पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया। आदेश के तहत बिष्टुपुर थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर को हटाकर मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं सोनारी थाना प्रभारी सरयू आनंद को हटाकर उन्हें साइबर अपराध थाना भेजा गया है। गोलमुरी थाना प्रभारी राजन कुमार का तबादला भी साइबर अपराध थाना कर दिया गया है।कदमा थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे को बिष्टुपुर का नया थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि मानगो यातायात थाना प्रभारी बंधन भगत को साइबर अपराध थाना भेजा गया है।
जुगसलाई यातायात थाना प्रभारी मधुसूदन डे को सोनारी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। साइबर थाना में पदस्थापित प्रवेश चंद्र सिन्हा को कदमा का नया थाना प्रभारी और वहीं से संजय सुमन को गोलमुरी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।इसी क्रम में साइबर थाना में कार्यरत हरिऔंध करमाली को मानगो यातायात थाना का प्रभारी बनाया गया है। संजय जनक पूर्ति, जो अब तक मुसाबनी में सर्किल इंस्पेक्टर थे, उन्हें जुगसलाई थाना प्रभारी का प्रभार सौंपा गया है। डुमरिया थाना प्रभारी सुगना मुंडा को एमजीएम थाना का जेएसआइ, गुड़ाबांधा थाना प्रभारी राजीव कुमार-2 को कदमा थाना जेएसआइ, गालूडीह थाना प्रभारी कुमार इंद्रेश को बिष्टुपुर थाना जेएसआइ और चंदन कुमार को बरसोल थाना प्रभारी से हटाकर मानगो थाना जेएसआइ बनाया गया है।महिला थानों में भी फेरबदल किया गया है। साकची महिला थाना प्रभारी मजूश्री कुंकल को घाटशिला महिला थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि जुगसलाई थाना की सब इंस्पेक्टर रूपा लाल को साकची महिला थाना की कमान सौंपी गई है। गोलमुरी पुलिस लाइन के सब इंस्पेक्टर पवन कुमार को धालभूमगढ़ थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं कदमा थाना के अंकु कुमार को गालूडीह थाना प्रभारी का प्रभार दिया गया है।इसके अलावा मानगो थाना के सब इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार को बरसोल थाना प्रभारी, बिष्टुपुर थाना से कुमार सुमित यादव को गुड़ाबांधा थाना प्रभारी और एमजीएम थाना के पंचम तिग्गा को डुमरिया का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह पदस्थापन तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




