झामुमो से निष्काषित होंगे कई दिग्गज नेता : चंपई सोरेन
चुनाव में जमशेदपुर लोकसभा सीट पर भाजपा के हाथों करारी शिकस्त खाने के बाद यूपीए में कोहराम मचा हुआ है। जमशेदपुर लोकसभा सीट से यूपीए के प्रत्याशी सह झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपई सोरेन ने शुक्रवार...
चुनाव में जमशेदपुर लोकसभा सीट पर भाजपा के हाथों करारी शिकस्त खाने के बाद यूपीए में कोहराम मचा हुआ है। जमशेदपुर लोकसभा सीट से यूपीए के प्रत्याशी सह झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपई सोरेन ने शुक्रवार को हिन्दुस्तान से विशेष बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव में हार से एक बात स्पष्ट हो गई है कि पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने प्रयास नहीं किये हैं। ऐसे में कई लोगों को पार्टी से निष्काषित किया जायेगा। हालांकि, चंपई ने इन लोगों के नामों का खुलासा नहीं किया, पर स्पष्ट किया कि पार्टी से निष्काषित होने वालों में कई बड़े नाम भी हो सकते हैं।
मीडिया को-ऑर्डिनेशन टीम पर गिर सकती है गाज
चंपई के इस बयान से एक बात तो तय है कि लोकसभा चुनाव को लेकर झामुमो की ओर से बनाई गई मीडिया को-ऑर्डिनेशन टीम पर गाज गिरनी तय है। ज्ञात हो कि चुनाव में जीत के पीछे मीडिया को-ऑर्डिनेशन सेल की भूमिका काफी अहम होती है। पर, झामुमो की मीडिया को-ऑर्डिनेशन सेल शुरू से ही ढीली दिखी। ऐसे में हार का खामियाजा मीडिया को-ऑर्डिनेशन सेल को भुगतना पड़ सकता है।
संगठन स्तर पर समीक्षा के लिए नियुक्त होगी टीम
चंपई ने बताया कि लोकसभा चुनाव में हार को लेकर संगठन स्तर से समीक्षा की जाएगी कि कहां पर चूक हुई और जनता से संवाद में क्या कमियां रह गईं। इसके लिए संगठन स्तर से एक हाई लेवल कमेटी भी नियुक्त होगी। यह कमेटी बूथ से लेकर जिला स्तर तक हर बिंदु पर समीक्षा करेगी। इस समीक्षा के आधार पर विधानसभा चुनाव की भी तैयारियां बेहतर ढंग से हो सकेंगी।
चंपई ने परिवार व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बताया दिन
लोकसभा चुनाव का परिणाम आने के पहले दिन चंपई सोरेन ने परिजनों व पार्टी के विश्वसनीय कार्यकर्ताओं के साथ पूरा दिन बिताया। शुक्रवार को चंपई काफी देर तक अपने पैतृक आवास जिलिंगगोड़ा में परिवार के साथ रहे। इसके बाद वे कदमा स्थित आवास भी आये। यहां से वे आदित्यपुर कार्यालय, साकची कार्यालय आदि जगहों पर गए और अपने विश्वासपात्र कार्यकर्ताओं के साथ समय बिताया। उन्होंने लोकसभा चुनाव के परिणामों पर भी चर्चा की।