
तिलकुट की सोंधी खुशबू से महकने लगे बाजार
मकर संक्रांति के नजदीक आते ही बाजारों में तिलकुट की मांग तेजी से बढ़ गई है। कारीगर गुड़, चीनी और खोवा से तिलकुट बना रहे हैं। गया के तिलकुट की खास मांग है और इसकी कीमतें 30 से 40 रुपये तक बढ़ गई हैं। साकची और बारीडीह में तिलकुट की कई दुकानें सज गई हैं।
मकर संक्रांति नजदीक आते ही बाजारों में तिलकुट की सोंधी खुशबू फैलने लगी है। पर्व में कुछ ही दिन शेष रहने के कारण तिलकुट की मांग तेजी से बढ़ी है और शहर के विभिन्न इलाकों में इसकी दुकानें सज गई हैं। कारोबारी कारीगरों से तिलकुट तैयार करवा रहे हैं, वहीं कुछ दुकानदार तैयार तिलकुट खरीदकर बिक्री कर रहे हैं। कई कारीगर ऐसे भी हैं, जो खुद तिलकुट बनाकर सीधे ग्राहकों को बेच रहे हैं। साकची, बारीडीह और सीतारामडेरा सहित अन्य इलाकों में गया से बुलाए गए कारीगर तिलकुट तैयार कर रहे हैं। दुकानों पर गुड़, चीनी और खोवा से बने तिलकुट के साथ काले तिल के लड्डू की खास मांग है।
कारीगर प्रतिदिन 20 किलो से अधिक तिलकुट तैयार कर रहे हैं। तिल के दाम बढ़ने के कारण तिलकुट की कीमतों में 30 से 40 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। बाजार में सबसे अधिक मांग गया के तिलकुट की बनी हुई है और ग्राहक विशेष रूप से उसी की पूछ कर रहे हैं। शहर में तिलकुट की थोक और खुदरा मिलाकर 200 से अधिक दुकानें लगती हैं। मकर संक्रांति नजदीक आने के साथ ही तिलकुट की बिक्री में लगातार इजाफा हो रहा है। पर्व से पहले ही गया से तिलकुट बनाने वाले कारीगर शहर पहुंच चुके हैं। साकची, बारीडीह और बिष्टुपुर के आसपास तिलकुट की दुकानों पर खरीदारों की आवाजाही बढ़ गई है। बारीडीह के दुकानदार सूरज तिवारी ने बताया कि वे कई वर्षों से तिलकुट की दुकान चला रहे हैं। मकर संक्रांति के समय ग्राहक पहले से ही तिलकुट की एडवांस बुकिंग करा लेते हैं। हर साल गया से दो कारीगर बुलाए जाते हैं, जो चीनी और गुड़ के अलग-अलग तिलकुट तैयार करते हैं। दुकान से प्रतिदिन 10 से 20 हजार रुपये तक की बिक्री हो जाती है। यहां तैयार तिलकुट अन्य बाजारों की दुकानों में भी भेजा जाता है, जबकि ग्राहक खुदरा खरीदारी भी करते हैं। बाजार में तिलकुट की कीमत गुड के तिलकुट - 250 से 300 रुपये किलो चीनी के तिलकुट - 240 से 280 रुपये किलो खोआ तिलकुट - 300 से 450 रुपये किलो पापरी रॉल तिलकुट - 300 से 400 रुपये किलो

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




