कदमा में घर का ताला तोड़ गहने समेत 12 लाख की चोरी
कदमा थाना क्षेत्र में लोकेश कुमार के घर में चोरी की बड़ी घटना हुई है। शुक्रवार शाम को घर के सभी सदस्य बाहर थे, तभी चोरों ने ग्रिल तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और सामान चुरा लिया। लोकेश ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच कर रही है।

कदमा थाना अंतर्गत कालिंदी रोड निवासी लोकेश कुमार के घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। उस समय घर के सभी सदस्य अपने-अपने काम में बाहर थे। चोरों ने सुनसान घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और सामान चुरा लिया। लोकेश बिष्टूपुर थाना में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम को वे जुबली पार्क के पास हुई एक सड़क दुर्घटना के सिलसिले में गए हुए थे। उनके बच्चे ट्यूशन पढ़ने चले गए थे और पत्नी टाटा स्टील में ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान चोरों ने घर के पीछे की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।
शाम को जब लोकेश कुमार घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के पीछे की ग्रिल टूटी हुई है और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने अलमारी और अन्य सामान को खंगालकर कीमती गहनों सहित लगभग 10 से 12 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही लोकेश कुमार ने तत्काल कदमा थाना को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शनिवार को लोकेश कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


