घने कोहरे से बिरसानगर में गाड़ी पलटी, कोई हताहत नहीं
बिरसानगर के नूतनडीह इलाके में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया जब तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं, हालांकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना का कारण घना कोहरा और सड़क का तीखा मोड़ बताया जा रहा है।

बिरसानगर के मोहरदा–बड़ाबांकी मुख्य सड़क के नूतनडीह इलाके में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा टल गया। घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब पांच फीट नीचे खेत में जा पलटी। गनीमत रही कि हादसे में वाहन सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब चार बजे के आसपास की है। बताया जा रहा है कि वाहन मोहरदा की ओर से बड़ाबांकी की तरफ जा रहा था। इस दौरान नूतनडीह के पास सड़क पर मौजूद तीखा मोड़ और चारों ओर छाया घना कोहरा चालक के लिए जानलेवा साबित होते-होते रह गया।
सीमित दृश्यता के कारण चालक सड़क की स्थिति को ठीक से नहीं समझ पाया और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते गाड़ी फिसलते हुए नीचे खेत में जा पलटी। हादसे के बाद कार में सवार लोग किसी तरह बाहर निकले और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहन टेल्को क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि वाहन में सवार लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। सुबह जब कोहरा छंटा, तब खेत में पलटी कार पर लोगों की नजर पड़ी। इसके बाद तुरंत बिरसानगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को खेत से बाहर निकाला गया। इसके बाद जब्त कर बिरसानगर थाना ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि जांच में दुर्घटना का कारण घना कोहरा और सड़क का तीखा मोड़ माना जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


