ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरराम से जीवन तो कृष्ण से मिलता है आनंद : मोरारी बापू

राम से जीवन तो कृष्ण से मिलता है आनंद : मोरारी बापू

संत मोरारी बापू ने कहा कि राम से जीवन मिलता है तो कृष्ण से जीवन का आनंद। राम के बिना जीवन का कोई अर्थ नहीं है। राम से जो जीवन मिलता है, वह बड़ा ही उदासीन है। 14 साल का वनवास और सरल जीवन यात्रा अद्भुत...

राम से जीवन तो कृष्ण से मिलता है आनंद : मोरारी बापू
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरSun, 06 May 2018 05:44 PM
ऐप पर पढ़ें

संत मोरारी बापू ने कहा कि राम से जीवन मिलता है तो कृष्ण से जीवन का आनंद। राम के बिना जीवन का कोई अर्थ नहीं है। राम से जो जीवन मिलता है, वह बड़ा ही उदासीन है। 14 साल का वनवास और सरल जीवन यात्रा अद्भुत और अलौकिक है। जीवन का आनंद चाहिए तो वह कृष्ण से मिलता है। राम सत्य हैं। कृष्ण प्रेम और महादेव करुणा हैं।

संत मोरारी बापू शनिवार को बिष्टूपुर गौपाल मैदान में बने चित्रकूट धाम में व्यासपीठ से श्रीरामकथा समारोह को संबोधित कर रहे थे। बापू ने सत्संग में बालकांड से कथा को शुरू किया।

सत्य का संग ही सत्संग : मोरारी बापू ने कहा कि सत्संग का अर्थ व्यक्ति का सत्य के संग से है। सत्य के साथ जितनी मात्रा में संग है, वहीं सत्संग है। निरंतर सत्य के संग जीना ही सत्संग है। दुनिया जब से पैदा हुई तब से ख़राब नहीं है। इसको पैदा करने वाला तो परम पावन तत्व है। वह तो शुद्ध है। दुनिया खराब हुई है तो संग के कारण। कलियुग में बुद्धि नष्ट नहीं हुई बल्कि प्रगति के साथ-साथ भ्रष्ट हुई है। जहां निजी स्वार्थ होता है, वहां बुद्धि भ्रष्ट हो जाती है। बापू ने कहा कि श्रेष्ठ के संग में ही परिवर्तन संभव है। मति, कीर्ति, गति, ऐश्वर्य और भलाई यह पांच चीजें भी सत्संग से ही मिलती हैं।

इससे पहले दर्शना टॉंक ने मानस पुराण को व्यासपीठ पर स्थापित किया। बापू के आगमन पर व्यासपीठ की पूजा दीपक टॉंक, दर्शना टॉंक, नवराज निशा और प्रशांत ने की। कोलकाता से आए अरुण सर्राफ, विपिन अडेसरा, नितिन राठौर के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। बापू दोपहर 12 बजे चाटर्ड प्लेन से सोनारी एयरपोर्ट पहुंचे।

आज से कथा सुबह साढ़े नौ बजे से : गोपाल मैदान के चित्रकूट धाम में श्रीराम कथा रविवार से 13 मई तक सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक होगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें