कोल्हान विवि में अब होगी केंद्रीयकृत कॉपी जांच

हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
Follow us on Google News
share

कोल्हान विश्वविद्यालय ने परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए केंद्रीयकृत मूल्यांकन प्रणाली को लागू किया है। अब सभी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच एक ही केंद्र पर की जाएगी, जिससे मूल्यांकन की पारदर्शिता बढ़ेगी। नए कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता के नेतृत्व में इस सुधार को प्राथमिकता दी गई है, जो छात्रों के लिए निष्पक्ष परिणाम सुनिश्चित करेगा।

कोल्हान विवि में अब होगी केंद्रीयकृत कॉपी जांच

कोल्हान विश्वविद्यालय में परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ा बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉपियों को घर ले जाकर जांचने की पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह से समाप्त करते हुए अब केंद्रीयकृत मूल्यांकन (सेंट्रलाइज्ड इवैल्यूएशन) प्रणाली को लागू कर दिया है। इसके तहत अब विभिन्न परीक्षाओं की सभी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच एक ही निर्धारित केंद्र पर की जाएगी। दरअसल, कोविड-19 महामारी के दौरान विशेष परिस्थितियों को देखते हुए शिक्षकों को उत्तर पुस्तिकाएं घर ले जाकर जांचने की छूट दी गई थी। महामारी बीतने के बाद भी यह परंपरा लगातार जारी रही, जिससे मूल्यांकन की गोपनीयता और निष्पक्षता पर सवाल उठने की आशंका बनी रहती थी।

विश्वविद्यालय के कुलानुशासक डॉ. राजेंद्र भारती ने बताया कि हाल ही में संपन्न हुई बीएड सेमेस्टर तीन की परीक्षाओं की कॉपियों की जांच इसी नई केंद्रीयकृत व्यवस्था के तहत कराई गई है, जो बेहद सफल रही। डॉ. भारती ने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले दो वर्ष से विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति नहीं होने के कारण इस महत्वपूर्ण सुधार को लागू करने में देर हो रही थी और पुरानी ढर्रे वाली व्यवस्था को नहीं बदला जा सका था। लेकिन अब नवनियुक्त कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता के कार्यभार संभालने के बाद विश्वविद्यालय के अकादमिक और प्रशासनिक ढांचे को दुरुस्त किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में परीक्षा प्रणाली में सुधार को प्राथमिकता दी गई है। नई व्यवस्था के लागू होने से न केवल मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, बल्कि परीक्षाओं के परिणाम भी समय पर घोषित हो सकेंगे। कॉपियों के हेरफेर या मूल्यांकन में होने वाली गड़बड़ियों पर पूरी तरह रोक लगेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस कदम से कोल्हान विवि की साख और मजबूत होगी तथा छात्रों को अपनी मेहनत का सही और निष्पक्ष परिणाम मिल सकेगा। आने वाले दिनों में अन्य सभी मुख्य परीक्षाओं के मूल्यांकन के लिए भी इसी केंद्रीयकृत व्यवस्था का सख्ती से पालन किया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।